1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. नई संसद में पीएम मोदी ने दिया पहला संबोधन, कहा- हमें 25 सालों में मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है

नई संसद में पीएम मोदी ने दिया पहला संबोधन, कहा- हमें 25 सालों में मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 28, 2023 01:43 pm IST,  Updated : May 28, 2023 01:43 pm IST

पीएम मोदी ने आज देश के नए संसद भवन में अपना पहला संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 25 सालों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। हमारे पास 25 वर्ष का अमृत कालखंड है।

PM Modi - India TV Hindi
पीएम मोदी Image Source : ANI

नई दिल्ली: पीएम मोदी ने आज देश को नया संसद भवन समर्पित किया है। इस मौके पर उन्होंने नए संसद भवन में पहली बार संबोधन दिया। उन्होंने कहा, 'देश की विकास यात्रा में कुछ पल अमर हो जाते हैं। आज 28 मई 2023 का यह दिन ऐसा ही शुभ अवसर है। देश आजादी के 75 वर्ष होने पर अमृत महोत्सव मना रहा है। आज सुबह ही संसद भवन परिसर में सर्व पंथ प्रार्थना हुई है। मैं सभी देशवासियों को इस स्वर्णिम क्षण की बहुत बधाई देता हूं। यह सिर्फ भवन नहीं है यह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। यह हमारे लोकतंत्र का मंदिर है।'

पीएम ने कहा, 'यह नया भवन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के सपने को साकार करने का साधन बनेगा। यह नया भवन आत्मनिर्भर भारत के सूर्योदय का साक्षी बनेगा। यह नया भवन विकसित भारत के संकल्पों की सिद्धी होते हुए देखेगा। नए रास्तों पर चलकर ही नए प्रतिमान गढ़े जाते हैं। आज नया भारत नए लक्ष्य तय कर रहा है। नया जोश है, नई उमंग है, दिशा नई है, दृष्टि नई है।'

नई इमारत में पवित्र सेंगोल की भी स्थापना हुई: पीएम 

पीएम मोदी ने कहा, 'आज इस ऐतिहासिक अवसर पर कुछ देर पहले संसद की नई इमारत में पवित्र सेंगोल की भी स्थापना हुई है। महान चोल साम्राज्य में सेंगोल को कर्तव्य पथ का, सेवा पथ का, राष्ट्र पथ का प्रतीक माना जाता था। राजा जी और अधिनम के संतों के मार्ग दर्शन में यही सेंगोल सत्ता के हस्तातंरण का प्रतीक बना था। तमिलनाडु से विशेष तौर पर अधिनम के संत भवन में हमें आशीर्वाद देने के लिए उपस्थित हुए थे।'

पीएम मोदी ने कहा, 'यह नया भवन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के सपने को साकार करने का साधन बनेगा। यह नया भवन आत्मनिर्भर भारत के सूर्योदय का साक्षी बनेगा। यह नया भवन विकसित भारत के संकल्पों की सिद्धी होते हुए देखेगा।'

पीएम ने कहा, 'आज नए संसद भवन को देखकर हर भारतीय गौरव से भरा हुआ है। इसमें वास्तु, विरासत, कला, कौशल, संस्कृति और संविधान भी है। लोकसभा का आंतरिक हिस्सा राष्ट्रीय पक्षी मोर पर आधारित है, राज्यसभा का आंतरिक हिस्सा राष्ट्रीय फूल कमल पर आधारित है। संसद के प्रांगण में राष्ट्रीय वृक्ष बरगद भी है।'

25 वर्षों में हमें मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है: पीएम

पीएम मोदी ने कहा, 'संसद भवन ने करीब 60,000 श्रमिकों को रोजगार देने का काम किया है। इनके श्रम को समर्पित एक डिजिटल गैलेरी भी बनाई गई है। आज जब हम लोकसभा और राज्यसभा को देखकर उत्सव मना रहे हैं तो मुझे संतोष है कि हमने देश में 30,000 से ज़्यादा नए पंचायत भवन भी बनाए हैं। पंचायत भवन से लेकर संसद भवन तक हमारी निष्ठा एक ही है। हमारे पास 25 वर्ष का अमृत कालखंड है।  इन 25 वर्षों में हमें मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।'

ये भी पढ़ें:

नए संसद भवन में PM मोदी ने सेंगोल को दंडवत प्रणाम किया, लोकसभा में किया स्थापित, देखें VIDEO

नए संसद भवन में स्थापित हुआ सेंगोल, मन मोह लेंगी तस्वीरें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत