1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ‘क्या दुनिया में ऐसा कोई बेटा है जो अपने पिता की जासूसी करता हो? हां, मेरी जासूसी की गई', इस नेता ने लगाया बड़ा आरोप

‘क्या दुनिया में ऐसा कोई बेटा है जो अपने पिता की जासूसी करता हो? हां, मेरी जासूसी की गई', इस नेता ने लगाया बड़ा आरोप

 Published : Aug 02, 2025 11:59 pm IST,  Updated : Aug 02, 2025 11:59 pm IST

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे अंबुमणि ने ही उनके घर पर जासूसी उपकरण लगाया था। रामदास ने कहा कि उन्होंने किलियानूर पुलिस (विल्लुपुरम जिला) और साइबर अपराध शाखा में भी शिकायत दर्ज कराई है।

S ramadoss- India TV Hindi
एस रामदास Image Source : X/@DRRAMADOSS

 विल्लुपुरम: पट्टाली मक्कल काची (PMK) के संस्थापक नेता एस. रामदास ने शनिवार को आरोप लगाया कि उनके बेटे अंबुमणि ने उनकी जासूसी की। अपने बेटे के साथ विवाद की पृष्ठभूमि में रामदास अपने आवास पर मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘क्या इस दुनिया में ऐसा कोई बेटा है जो अपने पिता की जासूसी करता हो? हां, मेरी जासूसी की गई है।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या यह आरोप लगाना सही होगा कि अंबुमणि ने ही जासूसी उपकरण लगाया था, जबकि पुलिस जांच अभी भी जारी है, इस पर रामदास ने प्रतिप्रश्न करते हुए कहा, ‘‘और कौन इसे (जासूसी उपकरण को) लगा सकता है?’’ 

बेटे ने घर पर जासूसी उपकरण लगाया

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे अंबुमणि ने ही उनके घर पर जासूसी उपकरण लगाया था। रामदास ने कहा कि उन्होंने किलियानूर पुलिस (विल्लुपुरम जिला) और साइबर अपराध शाखा में भी शिकायत दर्ज कराई है। जासूसी उपकरण और उसके कलपुर्जे पुलिस को सौंप दिए गए हैं। इसके अलावा, उन्होंने एक विशेष निजी एजेंसी की सेवाएं भी मांगी थीं, जो इस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद एजेंसी उन्हें अपनी रिपोर्ट देगी। उन्होंने कहा, ‘‘निजी एजेंसी की सेवाएं केवल पुलिस की मदद के लिए हैं।’’ 

पीएम मोदी के भाषण का किया जिक्र

पीएमके के शीर्ष नेता ने कहा कि पुत्र को अपने पिता से आगे नहीं निकलना चाहिए और इस संबंध में उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गंगईकोंडा चोलपुरम में दिए गए भाषण का हवाला दिया। मोदी ने 27 जुलाई को कहा था कि सम्राट राजेंद्र चोल ने अपने पिता राजराजा चोल के प्रति गहरे सम्मान के कारण गंगईकोंडा चोलपुरम मंदिर का गोपुरम, तंजावुर स्थित अपने पिता के बृहदेश्वर मंदिर के गोपुरम से छोटा बनवाया था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि अपनी उपलब्धियों के बावजूद, राजेंद्र चोल विनम्रता के प्रतीक थे। 

अप्रैल में रामदास ने अपने बेटे अंबुमणि को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाकर उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। रामदास ने कहा था कि वे स्वयं पार्टी के अध्यक्ष रहेंगे। पिता और पुत्र के बीच पार्टी संचालन को लेकर मतभेद दिसंबर 2024 में सार्वजनिक रूप से सामने आए थे। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत