1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 67 साल की हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने दी शुभकामनाएं, उत्तराखंड को देंगी खास तोहफा

67 साल की हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने दी शुभकामनाएं, उत्तराखंड को देंगी खास तोहफा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 20, 2025 10:01 am IST,  Updated : Jun 20, 2025 10:01 am IST

राष्ट्रपति मुर्मू अपना जन्मदिन उत्तराखंड में मनाएंगी। इस दौरान वह यहां के लोगों को जन्मदिन पर खास सौगात भी देंगी। पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे सहित कई बड़े नेताओं ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

Droupadi Murmu- India TV Hindi
द्रौपदी मुर्मू Image Source : PTI

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 67 साल की हो चुकी हैं। उनका जन्म आज के दिन ही साल 1958 में हुआ था। पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई नेताओं ने राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू अपना जन्मदिन उत्तराखंड में मनाएंगी। इस दौरान वह यहां के लोगों को खास सौगात भी देंगी। वह राजपुर रोड में बने राष्ट्रपति निकेतन में जन्मदिन मनाएंगी। इस दौरान वह बेहद आधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला भी रखेंगी। यह पार्क 132 एकड़ जमीन पर बन रहा है। 

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को बधाई देते हुए लिखा "राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है। उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। ईश्वर उन्हें लोगों की सेवा करते हुए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।"

कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या लिखा?

मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से हम भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उनकी बुद्धिमत्ता और राष्ट्र की प्रगति, कल्याण और न्याय के प्रति अटूट समर्पण देश को सत्य और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ाता रहे। हम उनके दीर्घायु, स्वस्थ और पूर्ण जीवन की कामना करते हैं।"

21 जून तक उत्तराखंड में रहेंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू 21 जून तक उत्तराखंड में ही रहेंगी। इस दौरान वह कई विकास कार्यों की नींव रखेंगी और उद्घाटन भी करेंगी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वह पुलिस लाइन मैदान में योग कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। अपने जन्मदिन की शुरुआत वह राजपुर रोड में बने शिव मंदिर में पूजा अर्चना के साथ करेंगी। पिछले जन्मदिन की शुरुआत भी उन्होंने मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के साथ की थी। राष्ट्रपति तीन दिन तक देहरादून में रहेंगी। इस दौरान यहां धारा 163 लागू रहेगी। राष्ट्रपति के पिछले दौरे के समय यहां चोरी होने से बवाल हुआ था। ऐसे में इस बार पुलिस ने शहर की सुरक्षा के भी पूरे इंतजाम कर रखे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत