1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मीसा भारती के आवास पर राहुल गांधी ने की लालू यादव से मुलाकात, बिहार कैबिनेट विस्तार पर हुई चर्चा

मीसा भारती के आवास पर राहुल गांधी ने की लालू यादव से मुलाकात, बिहार कैबिनेट विस्तार पर हुई चर्चा

 Written By: Avinash Rai
 Published : Aug 04, 2023 08:39 pm IST,  Updated : Aug 04, 2023 11:15 pm IST

राहुल गांधी ने आरजेडी सांसद मीसा भारती के आवास पर लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी और लालू प्रसाद यादव के बीच बिहार में कैबिनेट विस्तार पर चर्चा हुई है।

Congress leader Rahul Gandhi arrives at the residence of RJD MP Misa Bharti to meet RJD chief Lalu P- India TV Hindi
लालू यादव से मिलने पहुंचे राहुल गांधी Image Source : LALU YADAV

मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए राहुल गांधी की सजा पर फिलहाल रोक लगा दी है। इस बीच राहुल गांधी ने आरजेडी सांसद मीसा भारती के आवास पर लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी और लालू प्रसाद यादव के बीच बिहार में कैबिनेट विस्तार पर चर्चा हुई है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 से पूर्व विपक्षी दलों ने एक गठबंधन बनाया है, जिसे I.N.D.I.A नाम दिया गया है। इस बाबत कांग्रेस पार्टी के नेताओं का कहना है कि जल्द ही राहुल गांधी फिर से संसद में दिखाई देंगे और उन्हें सुनने के लिए लोग उत्सुक हैं। 

राहुल गांधी ने कही ये बात

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य कई नेताओं ने कुछ देर पहले कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि सच्चाई की जीत जरूर होती है, उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने मदद की उनका और जनता का धन्यवाद। वहीं कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'आज बड़ी खुशी का दिन है। लोकतंत्र की जीत हुई है। उन्होंने कहा, 'यह जीत सत्यमेव जयते की जीत है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं। संविधान अभी जिंदा है। न्याय अभी मिल सकता है। यह जीत सिर्फ राहुल गांधी की जीत नहीं है बल्कि लोकतंत्र की जीत है।' खरगे ने कहा, '24 घंटे में उन्होंने राहुल गांधी की सदस्यता ले ली। अब देखते हैं कि कितनी देर में वापस सदस्यता बहाल करते हैं।'

क्या बोले कांग्रेस के नेता

इस बाबत कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, 'यह राहुल गांधी की जीत नहीं है। यह लोकतंत्र, संविधान और आम जनमानस की जीत है।' उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी जल्द ही संसद में लौटेंगे। यह फैसला सत्य और साहस की जीत है। राहुल गांधी ने इस दौरान गजब का साहस दिखाया है। अब भाजपा अपने विशेष विभाग पर ताला लगाएगी। हम संसद में फिर से राहुल गांधी को सुनने के लिए उत्सुक हैं।' सिंघवी ने आगे कहा कि फिर से चलेगी संसद में आंधी, जब बोलेंगे राहुल गांधी।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत