नई दिल्ली: जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने पुलिस के इस एक्शन को गलत बताया है। साथ ही राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया।
कोई ताकत इन मुद्दों को उठाने से नहीं रोक सकती
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि देश में पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत और छात्रों की आत्महत्या जैसे मुद्दे भारत के भविष्य से जुड़े गंभीर सवाल हैं। सोनम वांगचुक जी को जंतर-मंतर से हटाना गलत है। उनका आंदोलन अहिंसक है और वे भूख हड़ताल पर थे। राहुल गांधी ने एक्स पर आगे लिखा, 'कोई भी ताकत भारत के छात्रों और हममें से उन लोगों को, जो उनसे प्यार करते हैं और उनमें विश्वास रखते हैं, इन मुद्दों को उठाने से नहीं रोक सकती।'
जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे वांगचुक
बता दें कि सोनम वांगचुक राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर पिछले 21 दिनों से अनशन कर रहे थे। हाल में परीक्षाओं के प्रश्नपत्र कथित तौर पर लीक होने की घटनाओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों के समर्थन में वांगचुक जंतर-मंतर पर अनशन पर बैठे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की टीम उन्हें अनशन स्थल से उठाकर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गई। इस दौरान उनके समर्थकों ने दिल्ली पुलिस के इस एक्शन का विरोध किया।
मंच पर मची अफरा-तफरी
पुलिसकर्मी जब प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे तो प्रदर्शनकारी मंच की ओर दौड़ पड़े। कई लोगों ने अधिकारियों को वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से ले जाने से रोकने के लिए मानव श्रृंखला बनाई। पुलिसकर्मियों ने वांगचुक को वहां से ले जाने से पहले मंच के चारों ओर एक बड़ा सफेद पर्दा भी लगा दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।
सोनम वांगचुक की हालत स्थिर: सफदरजंग अस्पताल
उधर, सफदरजंग अस्पताल ने शनिवार को कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक लंबे समय तक भूखे रहने और शरीर में पानी की कमी के कारण कमजोर हो गए हैं, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। अस्पताल ने एक बयान में कहा, ''सोनम वांगचुक लंबे समय तक भूखे रहने और डिहाइड्रेशन के कारण कमजोर हो गए हैं। हालांकि, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें लगातार निगरानी, देखभाल और इलाज की जरूरत है।'' बयान के मुताबिक वांगचुक को शनिवार सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें:
20 दिन से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से क्यों हटाया गया? दिल्ली पुलिस ने बताई वजह
https://www.indiatv.in/india/national/why-sonam-wangchuk-shifted-from-jantar-mantar-to-hospital-delhi-police-explains-reason-2026-07-18-1231886