1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. संसद के शीतकालीन सत्र के बीच लंदन के लिए रवाना हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, वहां से जर्मनी भी जाएंगे

संसद के शीतकालीन सत्र के बीच लंदन के लिए रवाना हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, वहां से जर्मनी भी जाएंगे

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Dec 15, 2025 09:59 am IST,  Updated : Dec 15, 2025 10:15 am IST

संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है। इस बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लंदन के लिए रवाना हो गए हैं। लंदन से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जर्मनी के लिए भी जाएंगे।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी- India TV Hindi
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी Image Source : PTI

संसद के शीतकालीन सत्र के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सोमवार तड़के लंदन के लिए रवाना हो गए। राहुल गांधी ने दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से सुबह करीब 3 बजकर 20 मिनट पर फ्लाइट नंबर BA 142 से लंदन के लिए उड़ान भरी है। राहुल गांधी लंदन से जर्मनी के लिए जाएंगे। ये जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है।

19 दिसंबर तक चलेगा संसद का शीतकालीन सत्र

संसद का शीतकालीन सत्र अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। 1 दिसंबर से शुरू हुआ यह सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें निर्धारित हैं। सोमवार को दोनों सदनों की कार्यवाही फिर शुरू होगी, जहां लंबित विधेयकों पर फोकस रहेगा। 

अभी तक हंगामे दार रहा ये सत्र

संसद का शीतकालीन सत्र अब तक हंगामेदार रहा है। मुख्य रूप से वंदे मातरम् में बहस के दौरान और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) मतदाता सूची संशोधन और चुनाव सुधारों को लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में कल शामिल हुए राहुल गांधी

वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस ने रविवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया, जिसमें उसने मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन में वोट चोरी और अनियमितताओं के खिलाफ अपने अभियान को तेज किया। वोट चोरी को लेकर कांग्रेस की ये रैली संसद में सरकार और विपक्ष के बीच चुनावी निष्पक्षता को लेकर चल रही तीखी बहस के बीच हुई। इसमें राहुल गांधी भी पहुंचे।

राहुल गांदी ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस दोनों को निशाना बनाते हुए जनसभा को संबोधित किया। रामलीला मैदान से राहुल गांधी ने कहा, 'वे वोट चोरी करते हैं। चुनाव के दौरान 10,000 रुपये दिए गए। भारतीय निर्वाचन आयोग भाजपा के साथ मिलीभगत कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानून में बदलाव किया ताकि निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कोई कार्रवाई न हो सके, चाहे वह कुछ भी करे।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत