1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हेलीकॉप्टर क्रैश में जनरल बिपिन रावत की मौत संदेह पैदा करती है: संजय राउत

हेलीकॉप्टर क्रैश में जनरल बिपिन रावत की मौत संदेह पैदा करती है: संजय राउत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 09, 2021 09:50 pm IST,  Updated : Dec 09, 2021 09:50 pm IST

राउत ने पूछा, हम सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण का दावा करते हैं तो ऐसा कैसे हो सकता है?

Sanjay Raut, Shiv Sena, Sanjay Raut General Bipin Rawat, Shiv Sena General Bipin Rawat- India TV Hindi
शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा कि हेलीकॉप्टर दुर्घटना में CDS जनरल बिपिन रावत की मौत लोगों के मन में संदेह पैदा करती है। Image Source : PTI

Highlights

  • राउत ने कहा कि जनरल रावत नेचीन और पाकिस्तान के खिलाफ देश की सैन्य प्रतिक्रिया तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी।
  • राउत ने कहा कि जनरल रावत को ले जाने वाला हेलीकॉप्टर 2 इंजनों द्वारा संचालित एक आधुनिक चॉपर था।
  • राउत ने दावा किया कि इस दुर्घटना से पूरा देश और नेतृत्व भ्रमित हो सकता है, और रप्रधानमंत्री को सभी संदेह को दूर करना चाहिए।

नयी दिल्ली: शिवसेना के नेता संजय राउत ने गुरुवार को कहा कि हेलीकॉप्टर दुर्घटना में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (CDS) जनरल बिपिन रावत की मौत लोगों के मन में संदेह पैदा करती है। राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि जनरल रावत ने हाल के दिनों में चीन और पाकिस्तान के खिलाफ देश की सैन्य प्रतिक्रिया तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पूछा, 'इसलिए, जब ऐसी दुर्घटना होती है तो लोगों के मन में संदेह पैदा होता है।' राउत ने कहा कि जनरल रावत को ले जाने वाला हेलीकॉप्टर 2 इंजनों द्वारा संचालित एक आधुनिक चॉपर था।

‘प्रधानमंत्री को सभी संदेह को दूर करना चाहिए’

राउत ने पूछा, 'हम सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण का दावा करते हैं तो ऐसा कैसे हो सकता है?' राउत ने दावा किया कि इस दुर्घटना से पूरा देश और नेतृत्व भ्रमित हो सकता है, और रक्षा मंत्री या प्रधानमंत्री को सभी संदेह को दूर करना चाहिए। शिवसेना नेता ने यह भी कहा कि जनरल रावत ने पुलवामा हमले के बाद भारत द्वारा किए गए हवाई हमलों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बता दें कि भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका और सशस्त्र बलों के 11 अन्य कर्मियों की बुधवार को तमिलनाडु में कुन्नूर के निकट सैन्य हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मौत हो गई थी।

प्रधानमंत्री ने जनरल बिपिन रावत एवं अन्य को दी श्रद्धांजलि
जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर एल एस लिद्दर और कुछ अन्य के पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी लाये गए। पार्थिव शरीरों को भारतीय वायुसेना के सी-130 जे विमान से दिल्ली लाया गया, जो शाम करीब 7:35 बजे पालम हवाई अड्डे पर उतरा। अधिकारियों ने कहा कि अभी तक केवल जनरल रावत, मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर एल एस लिद्दर के पार्थिव शरीरों की पहचान की जा सकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले जनरल बिपिन रावत एवं अन्य को पालम एयरबेस पर श्रद्धांजलि दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत