1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायल के PM ने जनरल रावत के निधन पर जताया शोक, जानें क्या कहा

इजरायल के PM ने जनरल रावत के निधन पर जताया शोक, जानें क्या कहा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 09, 2021 06:37 pm IST,  Updated : Dec 09, 2021 06:37 pm IST

प्रधानमंत्री बेनेट ने ट्वीट किया, भारत में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

Bennett Rawat, Israel Bipin Rawat, CDS Bipin Rawat Death, CDS Bipin Rawat Crash Death- India TV Hindi
इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने CDS जनरल बिपिन रावत को उनके देश का ‘सच्चा मित्र’ बताया। Image Source : PTI

Highlights

  • इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने CDS जनरल बिपिन रावत को ‘अनुभवी नेतृत्वकर्ता’ बताया।
  • इजरायल की संसद नेसेट के अध्यक्ष मिकी लेवी ने भी दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया।
  • भारत में इजरायल के पूर्व राजदूत डेनियल कारमोन के मुताबिक जनरल रावत के जल्द ही इजरायल आने की संभावना थी।

यरुशलम: इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भारत के प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (CDS) जनरल बिपिन रावत को ‘अनुभवी नेतृत्वकर्ता’ और उनके देश का ‘सच्चा मित्र’ बताया। तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार को भारतीय वायुसेना (IAF) का MI-17V5 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें जनरल रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के 11 अन्य कर्मियों की मृत्यु हो गई थी। इजरायल के शीर्ष नेतृत्व ने हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जनरल रावत के अकस्मात निधन पर भारत सरकार और लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

‘जनरल बिपिन रावत महान नेतृत्वकर्ता थे’

प्रधानमंत्री बेनेट ने ट्वीट किया, ‘भारत में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले। जनरल बिपिन रावत महान नेतृत्वकर्ता और इजरायल के सच्चे मित्र थे। इस कठिन घड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत के लोगों को इस दुख को सहन करने की ताकत मिले।’

‘अपना व्यक्तिगत दुख व्यक्त करना चाहता हूं’
पूर्व में इजरायल के रक्षा बलों के चीफ ऑफ स्टॉफ के रूप में कार्य कर चुके रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज ने भी संवेदना व्यक्त की। गैंट्ज ने ट्विटर पर लिखा, ‘हादसे में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल रावत, उनकी पत्नी एवं अन्य लोगों के मारे जाने की घटना पर मैं इजरायल के रक्षा प्रतिष्ठान की ओर से संवेदना जताता हूं और भारत के लोगों और भारतीय रक्षा प्रतिष्ठान के प्रति अपना व्यक्तिगत दुख व्यक्त करना चाहता हूं।’

‘सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं’
विदेश मंत्री यायर लापिड ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ‘इजरायल के लोगों की ओर से मैं प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल रावत, उनकी पत्नी और अन्य 11 भारतीय सैन्य कर्मियों की मृत्यु पर भारत के लोगों और सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’ इजरायल की संसद नेसेट के अध्यक्ष मिकी लेवी ने भी दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया। लेवी ने लिखा, ‘नेसेट और इजरायल के नागरिकों की ओर से, मैं प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्यकर्मियों के अकस्मात निधन पर भारतीय लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’

‘जनरल रावत के निधन पर शोक जताता हूं’
भारत में इजरायल के पूर्व राजदूत डेनियल कारमोन के मुताबिक जनरल रावत के जल्द ही इजरायल आने की संभावना थी। उन्होंने कहा, ‘जनरल रावत के निधन पर शोक जताता हूं। इजरायल के रक्षा प्रतिष्ठान के एक महान साथी और मित्र जनरल रावत, जिन्होंने संबंधों को मजबूत करने में योगदान दिया और जल्द ही हमारे देश का दौरा करने वाले थे। संवेदना।’ जनरल रावत, अपनी पत्नी मधुलिका रावत के साथ बुधवार को तमिलनाडु के वेलिंगटन जा रहे थे, तभी उनका हेलीकॉप्टर उतरने से कुछ मिनट पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश