तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के रुझानों ने पूरे देश को चौंका दिया है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलाग वेट्री कझगम (TVK) ने जबरदस्त बढ़त बना ली है। दो साल पहले बनी इस पार्टी ने दशकों पुराने द्रविड़ राजनीति के किलों को हिला कर रख दिया है।
एक एग्जिट पोल की भविष्यवाणी हुई सच
खबर लिखे जाने तक TVK राज्य की 234 सीटों में से 101 सीटों पर बढ़त बनाकर सबसे आगे चल रही है। वहीं, सत्ताधारी DMK 69 सीटों पर आगे चल रही है। TVK की मजबूत बढ़त ने एक को छोड़कर सभी एग्जिट पोल को गलत साबित कर दिया है। सिर्फ Axis My India एग्जिट पोल की भविष्यवाणी सही साबित होती नजर आ रही है। Axis My India ने विजय की पार्टी TVK को 98-120 सीटें देकर तमिलनाडु में सबसे बड़े दल के रूप में उभरते हुए दिखाया था, जो सच साबित होता नजर आ रहा है।
परिणाम अपेक्षित थे: TVK के राष्ट्रीय प्रवक्ता
मतगणना के बीच, TVK के राष्ट्रीय प्रवक्ता फेलिक्स गेराल्ड ने सोमवार को विश्वास जताया कि पार्टी तमिलनाडु में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी, क्योंकि चुनाव के शुरुआती रुझानों में पार्टी को "भारी समर्थन" मिलता दिख रहा है। गेराल्ड ने कहा कि परिणाम अपेक्षित थे। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु की जनता ने टीवीके को इसलिए चुना है, क्योंकि वे मौजूदा दलों से तंग आ चुके हैं।
उन्होंने कहा, "बेशक उनके (मौजूदा दल) पास 50 या 75 साल का अनुभव है, लेकिन इस अनुभव से उन्होंने सिर्फ राज्य को लूटने का काम किया।" उन्होंने कहा कि मतदाता टीवीके पर भरोसा करते हैं और उसे एक विकल्प के रूप में देखते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी नेता विजय की सीमित मीडिया उपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर गेराल्ड ने कहा कि नेता मीडिया के माध्यम से बात करने के बजाय सीधे जनता से बात करना पसंद करते हैं। उन्होंने उन आलोचनाओं और मीडिया की खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि पार्टी के लिए एक भी सीट जीतना मुश्किल होगी, और इतने अधिक मत प्रतिशत को जनसमर्थन का प्रमाण बताया।
चुनाव प्रचार के दौरान टीवीके को कथित तौर पर कमतर आंकने के लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) पर निशाना साधते हुए प्रवक्ता ने कहा, "वे आंखें बंद करके अंधेरे कमरे में दौड़ रहे थे। अब उन्हें अपनी दुनिया का पता चलेगा।"