चेन्नई: तमिलनाडु चुनाव में अब ज्यादा दिन बाकी नहीं रह गए हैं। इस बीच सभी सियासी दल अपनी जमीन मजबूत करने में जुट गए हैं। इस कड़ी में TVK (तमिलगा वेट्री कषगम) चीफ विजय ने पार्टी इवेंट में महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। महिलाओं के लिए चुनावी गारंटी देते हुए उन्होंने कहा कि हर युवती को शादी पर 8 ग्राम गोल्ड और सिल्क की साड़ी दी जाएगी। साथ ही 60 वर्ष की उम्र तक की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे। महिलाओं के लिए सरकारी बसों में फ्री यात्रा की छूट रहेगी वहीं साल में 6 मुफ्त गैस सिलेंडर भी दिए जाएंगे।
विजय ने चेन्नई के पास मामल्लापुरम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में कहा कि जब उनकी पार्टी टीवीके सत्ता में आएगी, तो सरकारी कर्मचारियों को छोड़कर 60 वर्ष की आयु तक की सभी महिलाओं को हर महीने सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि 'अन्नपूर्णा सुपर सिक्स योजना' के तहत हर साल छह एलपीजी सिलेंडर मुफ्त में उपलब्ध कराए जाएंगे। स्कूलों में 'जीरो ड्रॉपआउट' सुनिश्चित करने के लिए 'कामराजार कालवी उरुथी थिट्टम' के तहत प्रत्येक मां या अभिभावक को 15,000 रुपये की वार्षिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
टीवीके प्रमुख विजय ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए पांच लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त आवंटन की घोषणा की। इसके साथ ही राज्य सरकार के 'आशीर्वाद' के रूप में प्रत्येक नवजात शिशु को सोने की अंगूठी और एक बेबी वेलकम किट देने की घोषणा की है।
संपादक की पसंद