1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महाकुंभ: आज संगम में डुबकी लगाएंगे गृह मंत्री अमित शाह, CM योगी भी प्रयागराज पहुंचेंगे

महाकुंभ: आज संगम में डुबकी लगाएंगे गृह मंत्री अमित शाह, CM योगी भी प्रयागराज पहुंचेंगे

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jan 27, 2025 08:47 am IST,  Updated : Jan 27, 2025 12:40 pm IST

Mahakumbh 2025: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन महाकुंभ जारी है। आज सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह भी संगम में डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज पहुचे हैं।

महाकुंभ पहुंचे अमित शाह।- India TV Hindi
महाकुंभ पहुंचे अमित शाह। Image Source : SOCIAL MEDIA

Kumbh Mela 2025: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भव्य महाकुंभ का आयोजन जारी है। करोड़ों की संख्या में लोग प्रयागराज पहुंच रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, अब तक 13 करोड़ से भी ज्यादा लोग महाकुंभ में शामिल हुए हैं और त्रिवेणी संगम में स्नान किया है। वहीं, अब भारत के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी महाकुंभ में शामिल होने के लिए पहुंच गए हैं। अमित शाह आज सोमवार को गंगा, यमुना और सरस्वती नदी के त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाएंगे।

प्रयागराज पहुंचे अमित शाह 

गृह मंत्री अमित शाह महाकुंभ में स्नान एवं पूजन के लिए प्रयागराज पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम केशव मौर्य और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। 

अमित शाह क्या बोले?

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर महाकुंभ में शामिल होने के बारे में जानकारी साझा की है। गृह मंत्री ने लिखा- "सम्पूर्ण विश्व को समानता व समरसता का संदेश देता सनातन धर्म का महासमागम, महाकुंभ केवल तीर्थ स्थल नहीं, बल्कि देश की विविधता, आस्था और ज्ञान परंपरा का संगम भी है। प्रयागराज में महाकुंभ में स्नान व पूजन करने और पूज्य संतों से भेंट करने के लिए उत्साहित हूं।" उन्होंने आगे कहा- "कुंभ समरसता पर आधारित हमारे सनातन जीवन-दर्शन को दर्शाता है। आज धर्म नगरी प्रयागराज में एकता और अखंडता के इस महापर्व में संगम स्नान करने और संतजनों का आशीर्वाद लेने के लिए उत्सुक हूँ।"

 

सीएम योगी भी प्रयागराज में

सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रयागराज में पहुंचे हुए हैं। सीएम योगी अधिकारियों के साथ मौनी अमावस्या से पहले जरूरी बैठक करेंगे। सीएम योगी ग्राउंड जीरो पर स्थिति का जायजा लेंगे। इसके साथ ही सीएम योगी गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।

13 करोड़ से ज्यादा लोग शामिल

प्रयागराज में दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन महाकुंभ में भारी भीड़ जुट रही है। 26 जनवरी 2025 तक महाकुंभ में 13 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने स्नान कर लिया है। इसके अलावा आगामी 29 जनवरी को प्रयागराज महाकुम्भ में 7 से 8 करोड़ लोग आ सकते हैं। बता दें कि महाकुंभ की शुरुआत 13 जनवरी से हुई है और इसकी समाप्ति 26 फरवरी को होगी। महाकुंभ 2025 में 40 करोड़ से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत