1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महाकुंभ हादसा: CM योगी ने दिया अखिलेश और खरगे को जवाब, बोले- सनातन विरोधी चाहते थे कि बड़ा हादसा हो

महाकुंभ हादसा: CM योगी ने दिया अखिलेश और खरगे को जवाब, बोले- सनातन विरोधी चाहते थे कि बड़ा हादसा हो

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Feb 04, 2025 03:54 pm IST,  Updated : Feb 04, 2025 05:04 pm IST

महाकुंभ हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खरगे को जवाब दिया है। सीएम योगी ने कहा है कि कांग्रेस-सपा में सनातन विरोध की प्रतिस्पर्धा चल रही है।

सीएम योगी का अखिलाश यादव और मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना।- India TV Hindi
सीएम योगी का अखिलाश यादव और मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना। Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जारी महाकुंभ में बीते 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के दिन भगदड़ देखने को मिली थी। इस हादसे में करीब 30 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। इस हादसे के बाद से सपा और कांग्रेस जैसे दल यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा पर निशाना साध रहे थे। वहीं, अब सीएम योगी ने भी समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को जवाब दिया है। सीएम योगी ने कहा है कि कांग्रेस और सपा के बीच सनातन विरोधी प्रतिस्पर्धा चल रही है।

अखिलेश का सनातन विरोधी चरित्र उजागर- सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ हादसे को लेकर अखिलेश यादव के बयान को शर्मनाक बताया है। सीएम योगी ने कहा कि उन्हें मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर अफसोस होता है। अखिलेश का सनातन विरोधी चरित्र उजागर हो गया है। सीएम योगी ने कहा है कि समाजवादी पार्टी झूठ फैला रही है। महाकुंभ भगदड़ पर अखिलेश, खरगे ने झूठ पर झूठ बोला।

षडयंत्र करने वालों को बेनकाब किया जाएगा- CM योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि महाकुंभ में हादसे को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे का बयान गुमराह करने वाला है। उन्होंने कहा कि सनातन विरोधी चाहते थे कि महाकुंभ में कोई बड़ा हादसा हो। सीएम योगी ने कहा है कि महाकुंभ से षडयंत्र करने वालों को बेनकाब किया जाएगा।

क्या बोले थे खरगे-अखिलेश?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को राज्यसभा में कहा था कि महाकुंभ में पिछले दिनों भगदड़ के दौरान 'हजारों' लोगों की मौत हो गई। इसे लेकर सदन में हंगामा हुआ था और सभापति जगदीप धनखड़ ने उनसे बयान वापस लेने को कहा था। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाकुंभ में भगदड़ में मारे गए लोगों के आंकड़े छिपाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मंगलवार को महाकुंभ की व्यवस्था के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने और वहां की व्यवस्थाएं सेना के हवाले करने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- 'महाकुंभ में भगदड़ को लेकर बुलाई जाए सर्वदलीय बैठक, छिपाए जा रहे मरने वालों के आंकड़े', संसद में बोले अखिलेश यादव

महाकुंभ पर अखिलेश ने सरकार को घेरा, हेमा मालिनी ने दिया जवाब; कही ये बात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत