1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कौन हैं कट्टर हिंदूवादी नेता टी राजा सिंह? जिनके बीजेपी से इस्तीफा देने पर मचा हड़कंप

कौन हैं कट्टर हिंदूवादी नेता टी राजा सिंह? जिनके बीजेपी से इस्तीफा देने पर मचा हड़कंप

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jun 30, 2025 05:20 pm IST,  Updated : Jun 30, 2025 05:20 pm IST

तेलंगाना बीजेपी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ये बात सामने आई कि गोशामहल से विधायक टी राजा सिंह ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। टी राजा को कट्टर हिंदुत्ववादी छवि की वजह से देशभर में जाना जाता है।

T Raja Singh- India TV Hindi
टी राजा सिंह Image Source : T RAJA SINGH/FACEBOOK

हैदराबाद: तेलंगाना बीजेपी में इस वक्त हड़कंप मचा हुआ है लेकिन इस हड़कंप की खबर पूरे देश में गूंज रही है। दरअसल बीजेपी के फायरब्रांड और हिंदुत्ववादी छवि के लिए पहचाने जाने वाले नेता और गोशामहल से विधायक टी राजा सिंह ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। टी राजा सिंह ने तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष के तौर पर एन रामचंद्र राव के नाम पर बीजेपी की सहमति बनने के बाद ये फैसला लिया है। कहा जा रहा है कि इस फैसले से टी राजा सिंह नाराज चल रहे हैं।

कौन हैं टी राजा सिंह?

टी राजा सिंह को टाइगर राजा सिंह के नाम से जाना जाता है। वह तेलंगाना के गोशामहल विधानसभा क्षेत्र से अब तक बीजेपी के विधायक थे। उनका जन्म 15 अप्रैल 1977 को हैदराबाद के धूलपेट गांव में एक लोधी समुदाय के परिवार में हुआ था। वे कट्टर हिंदुत्ववादी विचारों के लिए जाने जाते हैं और अपने विवादास्पद बयानों के कारण अक्सर सुर्खियों में रहते हैं।

टी राजा सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 2009 में तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) से की थी। इस दौरान वह ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के सदस्य चुने गए थे लेकिन साल 2014 में उन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर ली। इसके बाद वह 2014, 2018 और 2023 में गोशामहल विधानसभा सीट से जीते।

2018 में वे बीजेपी के एकमात्र विधायक थे, जिन्होंने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस, अब बीआरएस) की लहर के बावजूद जीत दर्ज की थी। 

2018 में बीजेपी कर चुकी है निलंबित, फिर लिया था वापस

अगस्त 2022 में पैगंबर मुहम्मद पर विवादित टिप्पणी के कारण बीजेपी ने टी राजा सिंह को निलंबित कर दिया था। इस दौरान वह गिरफ्तार भी हुए। लेकिन अक्टूबर 2023 में उनका निलंबन रद्द हुआ और उन्हें 2023 तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए गोशामहल से टिकट दिया गया।

30 जून 2025 को एक बार फिर टी राजा सिंह और बीजेपी के बीच मतभेद हुआ है और उन्होंने टी राजा ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। अब देखना ये होगा कि बीजेपी उन्हें फिर से मना पाती है, या फिर टी राजा किसी नई पार्टी का दामन थामते हैं। चर्चा ये भी है कि क्या टी राजा सिंह अपनी नई पार्टी बनाएंगे? इन सभी सवालों के जवाब भविष्य में ही मिल पाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत