1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. गाय चोरी के आरोप में दो लोगों को सिर मुड़ाकर सरेआम घुमाया

गाय चोरी के आरोप में दो लोगों को सिर मुड़ाकर सरेआम घुमाया

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 11, 2018 04:31 pm IST,  Updated : Jan 11, 2018 04:31 pm IST

उमा राम का आरोप है कि जब वह और सोनू दो गायें खरीदकर रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नाथ बाबा मठिया के पास से जा रहे थे तभी हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने...

cow- India TV Hindi
cow

बलिया: जिले में हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं पर गाय चोरी के आरोप में दो लोगों का कथित तौर पर सिर मुंड़ाने और उनके चेहरे पर कालिख पोतकर सरेआम घुमाने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि घटना रसड़ा कोतवाली की है और दोनों पक्षों ने इस संबंध में मामला भी दर्ज कराया है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रवीण श्रीवास्तव ने सोनू एवं उमा राम नामक दो लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 379 एवं 411 के तहत गाय चोरी का मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना नौ जनवरी की है।

उन्होंने बताया अन्य मामला उमा राम ने दर्ज कराया है। उमा राम ने 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 500, 342, 323, 504, 506 एवं एससी/ एसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है।

उमा राम का आरोप है कि जब वह और सोनू दो गायें खरीदकर रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नाथ बाबा मठिया के पास से जा रहे थे तभी हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उन्हें पकड़ लिया और उनसे मारपीट की। इतना ही नहीं उन्होंने उनका सिर मुंड़ा दिया और उनके चेहरे पर कालिख पोत दी तथा गर्दन में टायर बांधकर समूचे रसड़ा नगर में घुमाया और दोनों के हाथ में ‘हम गाय चोर हैं’ लिखी एक तख्ती भी पकड़ाई थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच कर रहे पुलिस उपाधीक्षक अवधेश चौधरी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेंगे।

इस बीच बहुजन समाज पार्टी ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में बसपा के उप नेता उमाशंकर सिंह ने आज कहा कि गाय चोरी के आरोप को लेकर जिस तरह से हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बर्बर आचरण किया, वह अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत