उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को बुलंदशहर के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) अरविंद विकास एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गयी। विकास सप्ताहांत में अपने परिवार के पास मथुरा आ रहे थे।
Related Stories
एसपी (देहात) आदित्य कुमार शुक्ला के अनुसार विकास आज शाम को यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते मथुरा आ रहे थे। वह कार स्वयं ड्राइव कर रहे थे। तभी सुरीर कोतवाली क्षेत्र में लमतौरी गांव (माइल स्टोन संख्या 79) के समीप उनकी कार अण्डरपास की पुलिया से टकरा गई। वे बहुत बुरी तरह से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उन्हें नयति मेडिसिटी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के पश्चात उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्ला के अनुसार वर्तमान में बुलंदशहर में तैनात अरविंद विकास वर्ष 2006 में मथुरा में ही न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी पूनम चौधरी यहां फरह ब्लॉक के परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।