1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर UP CM योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक, कहा- अपूरणीय क्षति

पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर UP CM योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक, कहा- अपूरणीय क्षति

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 16, 2020 06:40 pm IST,  Updated : Aug 16, 2020 07:53 pm IST

पूर्व क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का गुरुग्राम के मेंदाता अस्पताल में निधन हो गया। कोरोना संक्रमित चेतन चौहान के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दुख व्यक्त किया है।

Chetan Chauhan passes away Yogi Adityanath reaction- India TV Hindi
Chetan Chauhan passes away Yogi Adityanath reaction Image Source : PTI

लखनऊ। पूर्व क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का गुरुग्राम के मेंदाता अस्पताल में 73 साल की उम्र में आज निधन हो गया। कोरोना संक्रमित चेतन चौहान के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल के मेरे वरिष्ठ सहयोगी और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान जी नहीं रहे। यह मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगियों के लिए और उत्तर प्रदेश के नागरिकों के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे जितने लोकप्रिय खिलाड़ी थे, उतने ही लोकप्रिय जन नेता भी थे। मैंने उनके परिवार के सदस्यों से अभी बात की है। कल चेतन चौहान जी का अंतिम संस्कार होगा। अभी 7 बजे हमारी आकस्मिक कैबिनेट बैठक होगी।'

राज्य की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रह चुके चौहान के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा है कि वह मृदभाषी, कर्मठ एवं सक्रिय राजनेता थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुये शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना भी व्यक्त की है। चेतन चौहान अमरोहा के नोगवा से विधायक थे। चेतन चौहान योगी सरकार में सैनिक कल्याण, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा मंत्री थे। इसके पहले योगी सरकार की कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण का भी कोरोना की वजह से मौत हो गई थी।

PM मोदी ने भी पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा कि 'श्री चेतन चौहान जी ने खुद को एक शानदार क्रिकेटर और बाद में एक मेहनती राजनीतिक नेता के रूप में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने यूपी में भाजपा को मजबूत करने में प्रभावी योगदान दिया। मैं उनके निधन से दुखी हूँ। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चेतन चौहान के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि 'उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री व पूर्व क्रिकेटर श्री चेतन चौहान जी ने अपने जीवन में पहले एक खिलाड़ी के रूप में और बाद में एक जनसेवक के रूप में देश की सेवा की। उनका निधन भारतीय राजनीति और क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।'

चेतन चौहान के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी दुख व्यक्त किया है। ओम बिरला ने ट्वीट कर कहा है कि 'पूर्व भारतीय क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री चेतन चौहान के निधन की जानकारी प्राप्त हुई। ईश्वर, उनकी आत्मा को शांति दे और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति।'

 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत