लखनऊ: कोरोना वायरस के कारण देश में लागू लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों को भोजन मुहैया कराने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कई जिलों में साझी रसोई शुरू की है। पहली साझी रसोई की शुरुआत रविवार को लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय से शुरू की गई थी। इसके बाद आज गाज़ियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर और वाराणसी सहित कई जिलों में भी साझी रसोई को शुरू किया गया।
Related Stories
जारी प्रेसनोट में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि 'पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता कोरोना महामारी में आम लोगों की सेवा कर रहे हैं। जगह-जगह प्रशासन की मदद से लोगों तक राशन पहुंचाया जा रहा है। कल प्रदेश में मुख्यालय पर साझी रसोई की शुरुआत हुई और अब प्रदेश के कई जिलों वाराणसी, फतेहपुर, लखनऊ, गाज़ियाबाद, नोएडा और हापुड़, बुलंदशहर में साझी रसोई की शुरुआत हुई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि 'कोरोना महामारी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा दिन रात अपनी पूरी शक्ति लगाकर मेहनत की जा रही है। जगह-जगह राशन पहुंचाया जा रहा है। हमें खबर मिली कि कई महानगरों में लोगों के पास ईंधन नहीं है तो हमने साझी रसोई की शुरुआत की। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों के घरों तक जाकर खाना वितरित कर रहे हैं। जितना संभव हो सकेगा, हमारी कोशिश है कि कोई भूखे पेट न रहे।'