1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. दिल का दौरा बना 78% कोरोना मरीजों की मौत का कारण, नोएडा में हुए विश्लेषण से सामने आई जानकारी

दिल का दौरा बना 78% कोरोना मरीजों की मौत का कारण, नोएडा में हुए विश्लेषण से सामने आई जानकारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 07, 2021 12:18 pm IST,  Updated : May 07, 2021 12:18 pm IST

नोएडा के सेक्टर 39 में स्थित कोविड-19 अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ रेणु अग्रवाल ने बताया कि नोएडा में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से हुई मौतों का विश्लेषण किया गया और पाया गया कि ज्यादातर मरीजों को दिल का दौरा पड़ा।

नोएडा के एक अस्पताल...- India TV Hindi
नोएडा के एक अस्पताल में किए गए विश्लेषण से पता चला है कि कोरोना मरीजों की मौत ज्यादातर दिल का दौरा पड़ने से हो रही है Image Source : PTI

नोएडा। हाल के दिनों में कोरोना की वजह से होने वाली मौतों के आंकड़े में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और देश में रोजाना 3500-4000 लोगों की कोरोना की वजह से जान जा रही है। उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित एक अस्पताल में जब कोरोना मरीजों की मौत की वजह जानने के लिए विश्लेषण किया गया तो पता चला कि 78 प्रतिशत कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई है। 

नोएडा के सेक्टर 39 में स्थित कोविड-19 अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ रेणु अग्रवाल ने बताया कि नोएडा में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से हुई मौतों का विश्लेषण किया गया और पाया गया कि ज्यादातर मरीजों को दिल का दौरा पड़ा। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से मरीजों के खून में थक्के बन जाते हैं। इससे ‘हार्ट अटैक’ की आशंका बढ़ जाती है। 

अस्पताल की स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर जिले में कोविड-19 के संक्रमण की वजह से बृहस्पतिवार तक 285 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 78 प्रतिशत मरीजों की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। नोएडा में कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। पिछले तीन हफ्ते में करीब 175 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 की चपेट में आए सभी मरीजों को सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई और उन्हें निमोनिया भी हुआ। सांस लेने में परेशानी होने और ह्रदय पर जोर पड़ने से संक्रमित मरीजों को दिल का दौरा पड़ने की आशंका रहती है।

देशभर में कोरोना वायरस की वजह से होने वाली मौतों का आंकड़ा पिछले कुछ दिनों में तेजी से बढ़ा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना की वजह से 3915 लोगों की जान गई है। अबतक यह वायरस देशभर में 2.34 लाख से ज्यादा लोगों की मौत का कारण बन चुका है। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत