नई दिल्लीः मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दल आज भी दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे। आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आज विपक्षी पार्टियों के प्रदर्शन में शामिल होंगे। इससे पहले मंगलवार को भी विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किया था। पुलिस ने विपक्षी दलों के सांसदों को संसद मार्ग पर नीति आयोग और आकाशवाणी भवन के सामने रोक दिया। इसके बाद विपक्षी दलों के सांसद सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद पुलिस ने कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में ले लिया।
वहीं, चुनाव आयोग की तरफ से कहा गया कि मंगलवार को दिन में कुछ राजनीतिक दलों के निर्वाचन आयोग की ओर मार्च के दौरान मीडिया के माध्यम से यह पता चला कि कुछ सांसद अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोग से मिलना चाहते हैं। आज के घटनाक्रम के संबंध में आयोग यह स्पष्ट करना चाहता है कि मंगलवार शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से निर्वाचन आयोग से बैठक के लिए समय नहीं मांगा था।