1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. नोएडा में कोरोना वायरस के मामले नौ हजार के पार, सिर्फ 1599 हैं एक्टिव केस

नोएडा में कोरोना वायरस के मामले नौ हजार के पार, सिर्फ 1599 हैं एक्टिव केस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 08, 2020 02:01 pm IST,  Updated : Sep 08, 2020 02:01 pm IST

जनपद गौतम बुद्ध नगर में कोरोना वायरस के 220 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमण के मामले बढ़कर मंगलवार को नौ हजार के पार चले गए।

नोएडा में कोरोना वायरस के मामले नौ हजार के पार, सिर्फ 1599 हैं एक्टिव केस- India TV Hindi
नोएडा में कोरोना वायरस के मामले नौ हजार के पार, सिर्फ 1599 हैं एक्टिव केस Image Source : PTI (REPRESENTATIONAL IMAGE)

नोएडा (उत्तर प्रदेश): जनपद गौतम बुद्ध नगर में कोरोना वायरस के 220 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमण के मामले बढ़कर मंगलवार को नौ हजार के पार चले गए। जिला निगरानी अधिकारी नीरज त्यागी ने बताया कि यहां अभी 1,599 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि जनपद में अभी तक कोविड-19 के कुल 9,126 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, 47 लोगों की इससे मौत भी हुई है।

अगर पूरे राज्य की बात करें तो सोमवार को उत्तर प्रदेश में कोविड-19 संक्रमित 56 और मरीजों की मौत हो गई तथा 5649 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद में सोमवार को बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान 56 और मरीजों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3976 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी लखनऊ में सबसे ज्यादा 15 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा वाराणसी में पांच, कानपुर नगर में चार, प्रयागराज और झांसी में तीन-तीन, बरेली, सहारनपुर, महाराजगंज, मथुरा और मऊ में दो-दो तथा गोरखपुर, मेरठ, जौनपुर, अयोध्या, आजमगढ़़, मुजफ्फरनगर, उन्नाव, बहराइच, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, बदायूं, ललितपुर, फर्रुखाबाद, औरैया, अंबेडकर नगर तथा हमीरपुर में कोविड-19 संक्रमित एक एक व्यक्ति की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान 5649 नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। राजधानी लखनऊ में एक बार फिर सबसे ज्यादा 950 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा कानपुर नगर में 342, प्रयागराज में 288, गोरखपुर में 251, गौतम बुद्ध नगर में 171, गाजियाबाद में 169 और वाराणसी में 144 नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है।

प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक 205731 मरीज कोविड-19 संक्रमण से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और 62144 मरीजों का राज्य के विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत