1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. बांदा जिला जेल में बढ़ा कोरोना का खतरा, संक्रमण से एक कैदी की मौत

बांदा जिला जेल में बढ़ा कोरोना का खतरा, संक्रमण से एक कैदी की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 07, 2020 11:08 am IST,  Updated : Sep 07, 2020 11:11 am IST

बांदा जिला जेल में कोरोना वायरस से संक्रमित एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गयी है। जेल प्रशासन ने सोमवार को यह जानकारी दी।

बांदा जिला जेल में बढ़ा कोरोना का खतरा, संक्रमण से एक कैदी की मौत- India TV Hindi
बांदा जिला जेल में बढ़ा कोरोना का खतरा, संक्रमण से एक कैदी की मौत Image Source : FILE

बांदा (उत्तर प्रदेश): जिला जेल में कोरोना वायरस से संक्रमित एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गयी है। जेल प्रशासन ने सोमवार को यह जानकारी दी। कारागार अधीक्षक आर के सिंह ने कहा "एक सितंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए पैलानी थाना क्षेत्र के विचाराधीन कैदी गुलबदन (57) की रविवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी है।" उन्होंने कहा "गुलबदन गैर इरादतन हत्या के मामले में जेल में बंद था। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने वायरस दिशा-निर्देशों के तहत उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।" 

कारागार अधीक्षक सिंह ने बताया कि "जेल की दो बैरकों को पृथक वार्ड में बदला गया है, जहां वायरस संक्रमितों को रखा गया है।" जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ एन डी शर्मा ने बताया कि "जिला जेल में इस समय 95 कैदी और जेलकर्मी वायरस से संक्रमित हैं। इनमें जेल अस्पताल का चिकित्सक भी शामिल है।" उन्होंने कहा कि "जिले में वायरस के संक्रमण से यह 12वीं मौत है और अभी 267 संक्रमित व्यक्ति उपचाराधीन हैं।" प्रशासन के अनुसार, बांदा जिला जेल में कैदी रखने की क्षमता 656 है, जबकि इस समय विभिन्न मामलों में 956 कैदी बंद हैं।

वहीं, पूरे राज्य की बात करें तो उत्तर प्रदेश में रविवार को कोविड-19 से 77 और लोगों की मौत हो गयी वहीं संक्रमण के 6,777 नये मामले सामने आए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित 77 और लोगों की मौत के साथ संक्रमण से मरने वालों की संख्या 3,920 हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा 17 मौतें लखनऊ में हुई हैं। 

इसके अलावा कानपुर नगर में नौ, देवरिया और शाहजहांपुर में चार-चार, प्रयागराज, वाराणसी और मुजफ्फरनगर में तीन-तीन, गोरखपुर, मुरादाबाद, सहारनपुर, महाराजगंज लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, चंदौली, रायबरेली तथा बांदा में दो-दो जबकि गौतमबुद्धनगर, मेरठ, बलिया, बाराबंकी, जौनपुर, आगरा, गाजीपुर, पीलीभीत, बहराइच, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, संभल, कानपुर देहात, बलरामपुर, कौशांबी तथा बागपत में संक्रमण से एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में प्रदेश में एक दिन सार्वाधिक 6,777 नए मामले आए हैं। राजधानी लखनऊ में 999 जबकि कानपुर नगर में 433, गोरखपुर में 364, प्रयागराज में 301, गौतमबुद्धनगर में 220, अलीगढ़ में 199 और गाजियाबाद में 180 नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में इस वक्त 61,625 संक्रमित लोगों का प्रदेश के विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। राज्य में अब तक दो लाख 738 लोग कोविड-19 संक्रमण से पूरी तरह उबर चुके हैं।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत