1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. प्रियंका गांधी ने कहा, रेप के आरोपी को बचाने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है योगी सरकार

प्रियंका गांधी ने कहा, रेप के आरोपी को बचाने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है योगी सरकार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 30, 2019 01:57 pm IST,  Updated : Sep 30, 2019 01:58 pm IST

प्रियंका ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार बलात्कार के आरोपी को बचाने के लिए किसी भी हद गिर सकती है।

Congress leader Priyanka Gandhi | Facebook- India TV Hindi
Congress leader Priyanka Gandhi | Facebook

नई दिल्ली: स्वामी चिन्मयांनद के खिलाफ रेप का आरोप लगाने वाली लड़की के समर्थन में कांग्रेस की पदयात्रा से पहले उसके कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने के बाद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार बलात्कार के आरोपी को बचाने के लिए किसी भी हद गिर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि लड़की की आवाज जितनी दबाई जाएगी, न्याय की मांग उतनी ही बुलंद होती रहेगी।

‘सत्ता के घमंड में चूर है यूपी की बीजेपी सरकार’

प्रियंका ने ट्वीट कर आरोप लगाया, ‘सत्ता के घमंड में चूर यूपी की बीजेपी सरकार लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही है। रेप के आरोपी को बचाने के लिए और शाहजहांपुर की बेटी की आवाज दबाने के लिए वो किसी भी हद तक गिर सकती है। यूपी सरकार घबराई हुई है। जैसे ही पता चलता है कि उनके ख़िलाफ प्रदर्शन होने जा रहा है 144 लगा देते हैं। जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, अन्याय-अत्याचार को छिपाया नहीं जा सकता।’ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यूपी में रेप से पीड़ित लड़की को डराने-धमकाने वाले अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।


कांग्रेस के कई नेताओं को किया गया गिरफ्तार
गौरतलब है कि कांग्रेस चिन्मयानंद मामले में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए शाहजहांपुर से लखनऊ तक 30 सितंबर को पदयात्रा निकालने वाली थी। इस यात्रा से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और शाहजहांपुर में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कौशल मिश्रा को नजरबंद कर दिया गया और पार्टी विधानमंडल दल के नेता समेत 82 पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक अधिकारियों का कहना है कि अब कोई पदयात्रा नहीं निकालने दी जाएगी।

शहर में लागू है धारा 144
वहीं, पुलिस का कहना है कि शहर में धारा 144 लागू होने के बाद भी कांग्रेस के कार्यकर्ता एक सभा कर रहे थे। उनके पास कोई भी प्रशासनिक अनुमति नहीं थी। ऐसे में उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर अपने कॉलेज में पढ़ रही कानून की छात्रा का यौन शोषण करने का आरोप है। इस मामले में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही चिन्मयानंद से पांच करोड़ रुपए रंगदारी मांगने के मामले में पीड़िता को भी गिरफ्तार किया गया है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत