1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. मैनपुरी उपचुनाव: 'मतदान से पहले पूरी तरह जागरुक रहें सपा कार्यकर्ता', चुनाव प्रचार के दौरान बोलीं डिंपल यादव

मैनपुरी उपचुनाव: 'मतदान से पहले पूरी तरह जागरुक रहें सपा कार्यकर्ता', चुनाव प्रचार के दौरान बोलीं डिंपल यादव

 Published : Nov 27, 2022 09:29 pm IST,  Updated : Nov 27, 2022 10:21 pm IST

डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ बिखराव की बातें करती है। उन्होंने कहा कि वह हमें एक-दूसरे से लड़ा सकती है, वह आपके और आपके बच्चों के भविष्य के बारे में कभी नहीं सोचेगी।

एक चुनावी जनसभा के दौरान डिंपल यादव - India TV Hindi
एक चुनावी जनसभा के दौरान डिंपल यादव Image Source : TWITTER

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव ने पार्टी नेताओं को उपचुनाव मतदान से पहले अपने घरों में नहीं सोने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी सरकार जिला प्रशासन की मदद से सपा के स्थानीय नेताओं को प्रताड़ित करेगी। 

डिंपल यादव ने आज प्रचार के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं सपा के अपने युवा साथियों और नेताओं से कहना चाहती हूं कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के मतदान से एक दिन पहले अगले चार दिसंबर से प्रशासन उन पर ज्यादती करेगा, इसलिए चार और पांच दिसंबर को पूरी तरह जागरुक रहें। आप चुपचाप जाकर वोट डालें और छह दिसंबर को प्रशासन यहां से गायब हो जाएगा।" मैनपुरी लोकसभा सीट सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण रिक्त हुई है। इस सीट पर उपचुनाव के तहत आगामी पांच दिसंबर को मतदान होगा। नतीजे की घोषणा आठ दिसंबर को की जाएगी। 

सपा का प्रतिनिधिमंडल मुख्य चुनाव अधिकारी से मिला 

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को ही प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात करके इटावा के जिलाधिकारी अविनाश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह पर सरकार के इशारे पर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए इन दोनों को चुनाव कार्यों से फौरन हटाने की मांग की। इटावा का जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में आता है। 

जनता इस उपचुनाव में 'नेताजी' का सम्मान रखेगी

सपा उम्मीदवार डिंपल यादव ने कहा, "यह सच्चाई है कि मैनपुरी नेताजी मुलायम सिंह यादव का क्षेत्र है। कोई भी इस वास्तविकता को छुपा नहीं सकता। हम इसी सच को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैनपुरी की जनता जानती है कि 'नेताजी' ने यहां विकास की परियोजनाएं लाकर जनता को तरक्की के रास्ते पर डाला। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि जनता इस उपचुनाव में उनका सम्मान रखेगी। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत