1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Nirahua on Akhilesh Yadav: अभिनेता से बीजेपी सांसद बने निरहुआ ने अखिलेश को बताया 'मुगल', जानिए और क्या लगाए आरोप?

Nirahua on Akhilesh Yadav: अभिनेता से बीजेपी सांसद बने निरहुआ ने अखिलेश को बताया 'मुगल', जानिए और क्या लगाए आरोप?

 Published : Jul 03, 2022 12:45 pm IST,  Updated : Jul 03, 2022 12:45 pm IST

Nirahua on Akhilesh Yadav: 'निरहुआ' ने समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव की मुगल शासकों से तुलना की। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी कुर्सी बचाने के लिए सपा प्रमुख मुगलों की नीति अपना रहे हैं। 

Dinesh Lal yadav 'Nirahua'- India TV Hindi
Dinesh Lal yadav 'Nirahua' Image Source : FILE PHOTO

Nirahua on Akhilesh Yadav: भोजपुरी अभिनेता से नेता बने बीजेपी के नवनिर्वाचित सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश की तुलना मुगलों से की है। निरहुआ हाल की में उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद बने हैें।  'निरहुआ' ने समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव की मुगल शासकों से तुलना की। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी कुर्सी बचाने के लिए सपा प्रमुख मुगलों की नीति अपना रहे हैं। निरहुआ ने दावा किया, 'यादव और मुसलमान मतदाता अब यह सोचकर वोट देने लगे हैं कि वास्तव में कौन उनका भला कर सकता है और कौन उन्हें अभी तक अपने स्वार्थ के लिए इस्तेमाल कर रहा था। सपा अभी तक यादव और मुसलमान मतदाताओं के समीकरण से ही चुनाव जीतती रही है। अब यह समीकरण दरक चुका है। समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी हो गई है।'

चाचा शिवपाल को आगे नहीं बढ़ने दिया अखिलेश ने: निरहुआ

निरहुआ ने रविवार को कहा, 'अखिलेश यादव बहुत छोटे दिल के आदमी हैं। वह अपने सिवाय किसी को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते। उन्हें किसी भी कीमत पर कुर्सी चाहिए। वह चाहते तो अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाकर खुद आजमगढ़ से सांसद बने रह सकते थे, लेकिन कहीं चाचा आगे ना बढ़ जाएं इसलिए उन्होंने ऐसा नहीं किया।' उन्होंने यह भी कहा, 'अखिलेश यादव को आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में सपा की निश्चित हार का अंदाजा हो गया था, इसलिए उन्होंने अपनी पत्नी डिंपल यादव को मैदान में उतारने के बजाय धर्मेंद्र यादव को उपचुनाव में उतारा, ताकि धर्मेंद्र का नुकसान किया जा सके, क्योंकि अखिलेश को मालूम है कि धर्मेंद्र उनसे बेहतर नेता हैं।'

'मुगलों की तरह अपने भाइयों और रिश्तेदारों का दमन कर रहे अखिलेश'

निरहुआ ने अखिलेश पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘सपा प्रमुख मुगलों की नीतियों से प्रभावित हैं’। उन्होंने आरोप लगाया, 'जिस तरह मुगलों ने अपनी गद्दी बचाने के लिए अपने भाइयों और रिश्तेदारों का दमन किया, वही काम अखिलेश यादव भी कर रहे हैं। अपने पिता (मुलायम सिंह यादव) और चाचा (शिवपाल सिंह यादव) के साथ उन्होंने जो किया, वह सबके सामने है।' निरहुआ ने कहा कि सपा को अब यह गलतफहमी दूर कर लेनी चाहिए कि ‘यादव और मुसलमान मतदाता उसके बंधुआ हैं’। उन्होंने कहा कि चुनाव दर चुनाव यह साबित होता जा रहा है कि सपा अब इन दोनों वर्गों का विश्वास खोती जा रही है। चाहे 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव हों या फिर 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव हों। बता दें कि निरहुआ ने पिछली 26 जून को आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव को साढ़े आठ हजार से अधिक मतों से पराजित किया था। यह सीट सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद लोकसभा से इस्तीफा दिए जाने के कारण खाली हुई थी।

 इनपुट: एजेंसी

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत