1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. '2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश को CM बनाना है, मैंने उन्हें अपना नेता स्वीकार किया है'- शिवपाल सिंह यादव

'2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश को CM बनाना है, मैंने उन्हें अपना नेता स्वीकार किया है'- शिवपाल सिंह यादव

 Published : Jan 18, 2023 11:35 pm IST,  Updated : Jan 18, 2023 11:35 pm IST

विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने भतीजे अखिलेश यादव को अपना नेता स्वीकार कर लिया है और सपा(समाजवादी पार्टी) उनकी पार्टी है। यादव ने कहा कि अखिलेश यादव मेरे भतीजे और सपा अध्यक्ष हैं।

शिवपाल सिंह यादव(फाइल फोटो)- India TV Hindi
शिवपाल सिंह यादव(फाइल फोटो) Image Source : PTI

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया(प्रसपा)  के संस्थापक और समाजवादी पार्टी के विधायक शिवपाल सिंह यादव का एक बयान सामने आया है। विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने भतीजे अखिलेश यादव को अपना नेता स्वीकार कर लिया है और सपा(समाजवादी पार्टी) उनकी पार्टी है। पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि उन्हें अभी तक सपा में कोई पद नहीं मिला है, यादव ने कहा, "अखिलेश यादव मेरे भतीजे और सपा अध्यक्ष हैं। मैंने उन्हें अपना नेता स्वीकार किया है। उनकी तरह मैं भी समाजवादी पार्टी का विधायक हूं। सपा मेरी पार्टी है और मैं पहले पदों पर भी रहा हूं।" 

'2024 में बीजेपी को सत्ता से हटना है लक्ष्य'

प्रसपा प्रमुख ने कहा कि उनका लक्ष्य फिलहाल 2024 में होने वाले आम चुनाव में  बीजेपी को सत्ता से हटाने व 2027 में उत्तर प्रदेश के होने वाले विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को सीएम बनाना है। उन्होंने अपर्णा यादव के सपा में शामिल होने पर कहा कि वह परिवार की बहू हैं और परिवार के सुख-दुख में हमेशा शरीक होती हैं। यादव ने वरुण गांधी के सपा में शामिल होने के अटकलों पर कहा कि बीजेपी की करप्ट सरकार को हटाने के लिए जो भी आना चाहे, उसका स्वागत है।

 'निश्चित है कि अब लंका जलेगी'
शिवपाल सिंह यादव ने बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के लोग संघर्ष के पथ पर निकलेंगे और निश्चित है कि अब लंका जलेगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों का मोर्चा बनाए जाने के सवाल पर उनेहोंने कहा कि सपा अकेले यूपी से बीजेपी को हटाने में सक्षम है। उन्होंने सपा को भगवान राम व कृष्ण का अनुयायी करार दिया। उन्होंने कहा, "हम भगवान राम व कृष्ण को मानने वाले लोग हैं तथा इनके विचारों पर चलने वाले हैं। सपा के लोग संघर्ष के पथ पर निकलेंगे तथा निश्चित है कि लंका जलेगी।" 

वहीं, कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल न होने व तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के द्वारा आयोजित विपक्षी दलों की रैली में अखिलेश यादव के शामिल होने को लेकर सवाल किया गया कि क्या सपा को राहुल गांधी पसंद नहीं हैं? इसपर यादव ने कहा, ‘‘राहुल गांधी को शुभकामनाएं। उनकी अलग पार्टी है। कांग्रेस की श्रीनगर रैली में शामिल होने पर दल का नेतृत्व फैसला करेगा।’’ 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत