1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. UP News: एंबुलेंस नहीं मिली, बेटे का शव कंधे पर रखकर 15 किमी पैदल चला पिता

UP News: एंबुलेंस नहीं मिली, बेटे का शव कंधे पर रखकर 15 किमी पैदल चला पिता

 Written By: Deepak Vyas
 Published : Aug 04, 2022 01:46 pm IST,  Updated : Aug 04, 2022 01:48 pm IST

UP News: बजरंगी ने बेटे का शव ले जाने के लिए डॉक्टरों से मदद मांगी, पर किसी ने कोई मदद नहीं की। बजरंगी बेबस होकर अपने बेटे का शव अपने कंधे पर रखकर अपने घर की ओर पैदल ही निकल पड़ा।

UP News- India TV Hindi
UP News Image Source : INDIA TV

Highlights

  • डॉक्टरों से मदद मांगी, पर किसी ने कोई मदद नहीं की
  • सेना के जवानों की नजर गई, तो गाड़ी मुहैया कराई
  • करंट से झुलस गया था बेटा शुभम

Prayagraj News: बेटे का शव अपने कंधे पर उठाने से ज्यादा बदनसीबी एक पिता के लिए और क्या हो सकती है। लेकिन प्रयागराज में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां प्रयागराज में अपने बेटे का शव एक पिता अपने कंधे पर रखकर 15 किलोमीटर पैदल चला। इसके बाद सेना के जवानों ने गाड़ी उपलब्ध कराई और धर भेजा। दरअसल, प्रयागराज में करछना तहसील के निवासी बजरंगी का 12 साल का बेटा शुभम करंट लगने से झुलस गया था। शुभम का इलाज स्वरूपरानी नेहरू यानी SRN अस्पताल में चल रहा था। मौत के बाद पिता ने बेटे का शव ले जाने के लिए एंबुलेंस मांगी, लेकिन अस्पताल से घर तक शव ले जाने के लिए उसे एंबुलेंस नहीं मिली।

बजरंगी ने कहा कि उन्होंने बेटे का शव ले जाने के लिए डॉक्टरों से मदद मांगी, पर किसी ने कोई मदद नहीं की। इलाज में ही बजरंगी का सारा पैसा खर्च हो गया था। इस वजह से बजरंगी बेबस होकर अपने बेटे का शव अपने कंधे पर रखकर अपने घर की ओर पैदल ही निकल पड़ा। इसके बाद भी हॉस्पिटल के कर्मचारियों और चिकित्सकों का दिल नहीं पसीजा। आज यह था कि लोग सड़क पर चल रहे बजरंगी का वीडियो बनाते रहे, लेकिन उनकी सहायता करने के लिए कोई नहीं आया। 

सेना के जवानों की नजर गई, तो गाड़ी मुहैया कराई

बजरंगी शव लेकर 15 किलोमीटर तक पैदल चल चुका था। तभी नैनी के काफी आगे सेना के कुछ जवानों ने उसे देखा, तो गाड़ी उपलब्ध कराई। वीडियो सामने आने पर कमिश्नर ने CMO काे जांच करने के निर्देश दिए हैं।

करंट से झुलस गया था शुभम

करछना तहसील के सेमरहा डीह गांव में बजरंगी यादव रहते हैं। बजरंगी का 12 साल का बेटा शुभम गांव में ही मंदिर की तरफ गया था। वहां उसे करंट लग गया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया था। मंगलवार रात उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बजरंगी बेटे का शव गांव ले जाना चाहता था, पर पैसे न होने के कारण उसने डॉक्टरों व अस्पताल कर्मचारियों से मदद मांगी कि उनके बेटे के शव को ले जाने के लिए एंबुलेंस दिला दीजिए। लेकिन बात नहीं बनी। बजरंगी ने एंबुलेंस वालों से भी बात की, पर उन्होंने भी किराया मांगा। तब मजबूरी में बजरंगी ने बेटे के शव को कंधे पर उठाया और पैदल ही 15 किमी तक चला। इस घटना का वीडियो सामने आने पर कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने कहा, "इसमें उच्चस्तरीय जांच कराएंगे। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार को शासन स्तर पर मदद दिलाई जाएगी। वहीं CMO डॉ. नानक सरन ने बताया कि जांच टीम बनाई है, दोषियों पर कार्रवाई होगी। उधर, SDM मेजा की अध्यक्षता में जांच कमेटी बना दी गई है। 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत