1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. यूपी: जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, रोडवेज बस ने तीन लोगों को कुचला, एक की मौत

यूपी: जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, रोडवेज बस ने तीन लोगों को कुचला, एक की मौत

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 01, 2022 02:51 pm IST,  Updated : Dec 01, 2022 02:51 pm IST

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक सड़क हादसे की खबर है। जानकारी के अनुसार रोडवेज की एक बस ने तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित गांव वालों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।

जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा- India TV Hindi
जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा Image Source : FILE

यूपी:जौनपुर जिले के बख्शा थाना क्षेत्र के लखनीपुर गांव के पास वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर गुरुवार की सुबह उत्तर प्रदेश रोडवेज की एक बस से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय साहनी ने बताया कि खुशालपुर निवासी गुणवान (28) और रोहित उर्फ राहुल यादव (30) वाराणसी जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, जबकि मनोज सिंह सुबह की सैर के लिए निकला था तभी लखीपुर गांव के पास बस ने तीनों को कुचल दिया। एसपी ने बताया कि राहुल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी स्थिति स्थिर है।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और आरोपी बस ड्राइवर को पकड़ने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। एसपी ने बताया कि पुलिस ने लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में किया। उन्होंने बताया कि मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के बहराइच में बड़ा सड़क हादसा हुआ। रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 15 लोग जख्मी हो गए हैं। एसएचओ राजेश सिंह ने बताया, घायलों को अस्पताल भेजा गया है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मौके पर पुलिस मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना बहराइच के जरवल इलाके के तप्पे सिपाह इलाके की है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत