1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कोर्ट ने खारिज की 70 वर्षीय पर्यटक से दुष्कर्म के आरोपी की जमानत याचिका, कहा- 'घटना समाज में व्याप्त नैतिक पतन और विकृत मानसिकता का प्रतिबिंब'

कोर्ट ने खारिज की 70 वर्षीय पर्यटक से दुष्कर्म के आरोपी की जमानत याचिका, कहा- 'घटना समाज में व्याप्त नैतिक पतन और विकृत मानसिकता का प्रतिबिंब'

 Published : Jun 28, 2025 06:55 pm IST,  Updated : Jun 28, 2025 07:04 pm IST

अनंतनाग के एक कोर्ट ने 70 वर्षीय पर्यटक से दुष्कर्म के आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी। जज ने कहा कि जांच जारी है और केस डायरी फाइल (सीएफ) के अवलोकन से यह पता चलता है कि बुजुर्ग महिला के साथ बेहद नृशंस तरीके से दुष्कर्म किया गया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE

जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले की एक अदालत ने महाराष्ट्र की 70 वर्षीय एक पर्यटक से बलात्कार के आरोपी व्यक्ति की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने जमानत याचिका खारिज करते हुए समाज के नैतिक ताने-बाने पर तीखी टिप्पणी की और कहा कि यह घटना समाज में व्याप्त "नैतिक पतन और विकृत मानसिकता" का प्रतिबिंब है। जज ने जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा, "मुझे याचिका में दिए गए किसी भी आधार और आरोपी के वकील द्वारा दी गई दलील में ऐसा कुछ भी नहीं लगता जो इस अदालत के न्यायिक विवेक को प्रभावित करता हो।" बता दें कि कथित घटना दक्षिण कश्मीर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम के एक होटल में हुई, जहां महिला अप्रैल में अपने परिवार के साथ रह रही थी। 

अनंतनाग के प्रधान सत्र न्यायाधीश ताहिर खुर्शीद रैना ने शुक्रवार को गणेशबल पहलगाम निवासी आरोपी जुबैर अहमद की जमानत याचिका खारिज कर दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल राय, फोरेंसिक रिपोर्ट और पीड़िता का बयान प्रथम दृष्टया बलात्कार के आरोपों का समर्थन करते हैं तथा आरोपी द्वारा दी गई जमानत के आधार का खंडन करते हैं।

'कई दिनों तक दर्द में रही 70 वर्षीय महिला'

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने होटल में 70 वर्षीय महिला के कमरे में उस समय अवैध रूप से प्रवेश किया, जब वह अकेली थी। आरोपी ने महिला का मुंह एक कंबल से बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक इस दौरान महिला को चोटें आईं और बाद में आरोपी खिड़की से भाग गया। जांच के अनुसार, यह हमला इतना क्रूर था कि पीड़िता बैठने और हिलने-डुलने में असमर्थ थी तथा कई दिनों तक दर्द में रही। 

आरोपी ने व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण गलत तरीके से उसे फंसाने का लगाया आरोप

हालांकि, आरोपी ने अपने वकील के माध्यम से जमानत के लिए याचिका दायर की, जिसमें उसने पुलिस पर व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण गलत तरीके से उसे फंसाने और पक्षपात करने का आरोप लगाया। आरोपी ने यह भी दलील दी कि उसकी कोई पहचान परेड नहीं करायी गई थी तथा वह जांच में सहयोग कर रहा था। 

जज ने कहा कि जांच जारी है और केस डायरी फाइल (सीएफ) के अवलोकन से प्रथम दृष्टया यह पता चलता है कि एक बुजुर्ग महिला के साथ अत्यंत नृशंस तरीके से बलात्कार किया गया। न्यायाधीश ने कहा, "यही वह चीज है जो वह पहलगाम से अपने जीवनभर के लिए लेकर गई है, जहां वह कश्मीर की खूबसूरती का आनंद लेने आई थी।" (पीटीआई इनपुट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।