1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर कार दुर्घटनाग्रस्त, 5 श्रद्धालु घायल

अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर कार दुर्घटनाग्रस्त, 5 श्रद्धालु घायल

 Published : Jul 10, 2026 09:04 am IST,  Updated : Jul 10, 2026 09:04 am IST

अमरनाथ यात्रा के दौरान उधमपुर में जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर श्रद्धालुओं की एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 5 लोग घायल हुए हैं और एक महिला की हालत गंभीर है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

Amarnath Yatra accident, Jammu Srinagar Highway, Udhampur road accident- India TV Hindi
अमरनाथ यात्रा के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुई अर्टिगा कार। Image Source : ANI

उधमपुर: अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की कार शुक्रवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 5 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से पहलगाम के लिए रवाना हुए एक जत्थे के साथ अर्टिगा कार से यात्रा कर रहे थे। उधमपुर जिले के समरोली क्षेत्र में टोल्डी नाला के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और NH-44 की दीवार से जा टकराई।

सीमा गुप्ता नाम की महिला की हालत गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही CRPF की 137वीं बटालियन, गोरखा 4/3, सिविल डिफेंस, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी घायल श्रद्धालुओं रेस्क्यू करके उन्हें तुरंत उधमपुर स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के एसोसिएटेड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में घायल श्रद्धालुओं में सीमा गुप्ता नाम की महिला को सबसे गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल अन्य घायलों की हालत और दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान

इस बीच, अमरनाथ यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए CRPF अहम भूमिका निभा रहा है। CRPF के जवान NH-44 पर लगातार रोड ओपनिंग पार्टी (ROP) कैंपेन चला रहे हैं, ताकि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित रहे और श्रद्धालुओं का आवागमन बिना किसी बाधा के जारी रहे। इसके अलावा, CRPF की 84वीं बटालियन ने रामबन जिले के चंदरकोट में एक मोबाइल हेल्थ कैंप भी स्थापित किया है, जहां श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी चौबीसों घंटे मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर जताया संतोष

बता दें कि यह हेल्थ कैंप 84वीं बटालियन के कमांडेंट एन. रणबीर सिंह की निगरानी में संचालित किया जा रहा है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनंथा कृष्णन के नेतृत्व में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम एडवांस्ड लाइफ सेविंग एंबुलेंस और जरूरी जीवनरक्षक दवाओं के साथ हर समय तैनात है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके। देश के विभिन्न हिस्सों से अमरनाथ यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष जताते हुए CRPF के प्रयासों की सराहना की है।

ये भी पढ़ें: अमरनाथ यात्रा के दौरान ITBP जवान का दिल छू लेने वाला अंदाज, गीतकार गुलज़ार भी तारीफ किए बिना रह न सके

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।