जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सोमवार को एक घर से दो संदिग्ध शव बरामद किए गए। यह घटना दायलगाम क्षेत्र के कामड गांव की है। शव दायलगाम के कामड स्थित एक रिहायशी मकान के अंदर पाए गए।
शुरुआती जांच में अधिकारियों ने संकेत दिया है कि युवक और युवती दोनों मृतक गैर-स्थानीय प्रतीत होते हैं। हालांकि, उनकी सटीक पहचान और वे वहां क्या कर रहे थे, इसका विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इसे एक संदिग्ध मामला मानकर चल रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों (FSL) की टीम को बुलाया गया है।
झेलम नदी में डूबे दो सगे भाई
एक अन्य खबर में, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके में झेलम नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों भाई नदी के किनारे अपनी भेड़ों को नहला रहे थे। मृतक भाइयों की पहचान माजिद बशीर (30) और शाहिद बशीर (28) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों भाई अपनी भेड़ों के साथ नदी किनारे थे। इसी दौरान अचानक एक भाई का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख दूसरे भाई ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी लहरों के तेज बहाव की चपेट में आ गया।
ये भी पढ़ें-
कहां-कहां सूखे का डर? IMD ने जारी की इस साल कम बारिश की चेतावनी, बढ़ सकती है मुसीबत