जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस टीम मवेशियों की तस्करी की संभावित कोशिशों को रोकने के लिए नाकाबंदी कर रही थी। अधिकारियों के अनुसार, एएसआई योग राज सिंह अपनी टीम के साथ सपवाल क्षेत्र के पुलपुर में सीमा सड़क पर जांच के लिए नाकाबंदी पर थे। उन्हें मवेशियों की तस्करी की कोशिशों के बारे में सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही थी।
अवरोधक को तोड़ चालक ने मारी टक्कर
तड़के करीब 4:15 बजे पुलिस टीम ने एक तेज रफ्तार हल्के मालवाहक वाहन को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, वाहन चालक ने अवरोधक को तोड़ दिया और पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। इस टक्कर से एएसआई योग राज सिंह और एक अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां दुर्भाग्यवश एएसआई योग राज सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर मारने वाले वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि वाहन एक पास के इलाके में खड़ा मिला था। अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए तलाश अभियान जारी है।
राजौरी में किशोरी मृत मिली
एक अन्य खबर में, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के एक सुदूर गांव में 18 वर्षीय एक लड़की मृत पाई गई। अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि केवल बुधल गांव निवासी सोनिया अख्तर शुक्रवार शाम को अपने घर से बाहर गई थी और वापस नहीं आने पर जब ग्रामीणों ने उसकी तलाश की तो उसे पास की एक खाई में मृत पाया।
उन्होंने बताया कि आज सुबह स्थानीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसके परिवार के सदस्यों सहित ग्रामीणों ने लड़की की मौत के कारणों की जांच की मांग को लेकर बुधल में मुख्य चौक पर जाम लगा प्रदर्शन किया। अधिकारियों के समझाने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
अंतरिक्ष में एक और दुनिया के मिले 'सबूत', वैज्ञानिकों की चौंकाने वाली खोज के क्या हैं मायने?