1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. रामबन में बड़ा हादसा, 600 फीट गहरी खाई में गिरी कार; 5 लोगों की मौत एक घायल

रामबन में बड़ा हादसा, 600 फीट गहरी खाई में गिरी कार; 5 लोगों की मौत एक घायल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 12, 2025 01:21 pm IST,  Updated : Jul 12, 2025 01:21 pm IST

जम्मू कश्मीर के रामबन में एक कार अनियंत्रित होकर 600 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पांच लोगों की हुई मौत।- India TV Hindi
पांच लोगों की हुई मौत। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

रामबन: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां शुक्रवार की देर रात एक कार अनियंत्रित होकर 600 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये जबकि घायल को 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान करने का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि देर रात अनियंत्रित होकर कार खाई में गिर गई।  

देर रात हुआ हादसा

अधिकारियों ने बताया कि एसयूवी शुक्रवार देर रात उखराल पोगल परिस्तान क्षेत्र में सेनाबाथी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने कहा कि तौकीर अहमद (20) नाम के यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों घायलों को अस्पताल लेकर जाया गया, जिसमें से तीन मोहम्मद रफीक (40), अब्दुल लतीफ (40) और एजाज अहमद (20) की रास्ते में मौत हो गई। वहीं शकील अहमद (24) नाम के एक युवक की शनिवार सुबह श्रीनगर के एक अस्पताल में मौत हो गई। इस हादसे में यावर अहमद (25) की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका उपचार किया जा रहा है। 

मुआवजे का ऐलान

वहीं रामबन जिले में हुए इस हादसे पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने घायलों तथा पीड़ितों परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायल व्यक्ति को 25 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। उपायुक्त ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।’’ (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।