1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दिया महिलाओं को बड़ा तोहफा, शुरू की मुफ्त बस सेवा

जम्मू-कश्मीर: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दिया महिलाओं को बड़ा तोहफा, शुरू की मुफ्त बस सेवा

 Published : Apr 01, 2025 11:30 pm IST,  Updated : Apr 01, 2025 11:30 pm IST

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने महिलाओं को बड़ा तोहफा देते हुए बस सेवा को मुफ्त कर दिया।

Omar Abdullah- India TV Hindi
उमर अब्दुल्ला Image Source : PTI/FILE

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा की शुरूआत की है। मुख्यमंत्री ने एसकेआईसीसी से महिलाओं के लिए शून्य-टिकट यात्रा पहल की शुरुआत की। एक सरकारी प्रवक्ता ने इस फैसले को एक मील का पत्थर करार दिया। इस कार्यक्रम के दौरान मंत्री सकीना इटू और सतीश शर्मा भी उपस्थित थे। 

पेश किए गए बजट की एक प्रमुख घोषणा पूरा हुई

सीएम अब्दुल्ला ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा की आधिकारिक रूप से शुरुआत करने से पहले स्कूल की छात्राओं के लिए शून्य-टिकट यात्रा का उद्घाटन किया। बता दें कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा जम्मू-कश्मीर में सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस द्वारा पेश किए गए बजट की एक प्रमुख घोषणा है। अब महिलाएं केंद्र शासित प्रदेश की स्मार्ट सिटी ई-बसों और जम्मू-कश्मीर सड़क परिवहन निगम (जेकेआरटीसी) की बसों में मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी। 

अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि यह पहल महज एक कल्याणकारी उपाय नहीं है बल्कि महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास की दिशा में एक साहसिक कदम है। उन्होंने कहा, ‘‘आज से जम्मू-कश्मीर की महिलाएं सभी स्मार्ट सिटी और एसआरटीसी (राज्य सड़क परिवहन निगम) बसों में मुफ्त में यात्रा करेंगी। यह केवल सामर्थ्य के बारे में नहीं है; यह पहुंच, सुरक्षा और ऐसा वातावरण बनाने के बारे में है जहां महिलाएं स्वतंत्र रूप से यात्रा करने में सशक्त महसूस करें। हमारा लक्ष्य जम्मू-कश्मीर को समावेशी विकास का एक मॉडल बनाना है, जहां आवागमन की बाधाओं के कारण कोई भी महिला पीछे न रहे।’’ 

अब्दुल्ला ने यह उम्मीद जताई की इस निर्णय से महिलाओं के लिए यात्रा आसान और आरामदायक हो जाएगी। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस फैसले से राज्य की महिलाओं ने चैन की सांस ली और वह बेहद खुश नजर आईं। महिलाओं का कहना है कि मुफ्त बस सेवा मिलने से उन्हें काफी आराम हो जाएगा। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।