1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. अचानक आई बाढ़ और डूब गया BSF का जवान, बचाव अभियान के दौरान शव बरामद

अचानक आई बाढ़ और डूब गया BSF का जवान, बचाव अभियान के दौरान शव बरामद

 Published : Aug 27, 2025 11:23 pm IST,  Updated : Aug 27, 2025 11:41 pm IST

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त पड़ गया है। आज बुधवार को जम्मू में अचानक आई बाढ़ में डूबने से एक बीएसएफ जवान की भी मौत हो गई है।

BSF Jammu jawan death- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर में BSF जवान की मौत। Image Source : X (@BSF_JAMMU)

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बीच बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं ने जान-माल को काफी नुकसान पहुंचाया है। अब जम्मू के करीब अखनूर सेक्टर से एक और दुखी कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां बुधवार अचानक आई बाढ़ की चपेट में सीमा सुरक्षा बल (BSF) का एक जवान आ गया। अखनूर सेक्टर में गश्ती के दौरान BSF का जवान अचानक आई बाढ़ में डूब गया। बचाव अभियान के दौरान जवान का शव बरामद किया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

अधिकारियों ने इस घटना को लेकर पूरी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि जवान राजिब नुनिया इंटरनेशनल बॉर्डर पर प्रागवाल क्षेत्र में परिचालन तैनाती वाले दल का हिस्सा थे। यहां गश्ती के दौरान अचानक बाढ़ आ गई। जवान राजिब नुनिया तेज प्रवाह में बह गए। बाद में बचाव अभियान के दौरान उनका शव बरामद किया गया। 

BSF ने दी श्रद्धांजलि

BSF ने अपने ट्वीट में कहा- "हम बीएसएफ के वीर सिपाही कांस्टेबल (जीडी) राजिब नुनिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने 27 अगस्त 2025 को जिला जम्मू के अखनूर क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तैनाती के दौरान राष्ट्र सेवा में कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने अदम्य साहस, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ वीरगति प्राप्त की। उनका बलिदान सदैव स्मरणीय और वंदनीय रहेगा। डीजी बीएसएफ एवं सभी अधिकारी एवं जवान उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।"

41 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर में पिछले दो दिनों से हो रही रिकॉर्ड बारिश के कारण संबंधित घटनाओं में मृतकों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। इनमें से अधिकांश वैष्णो देवी तीर्थयात्रा मार्ग पर भूस्खलन के शिकार हैं, हालांकि, बुधवार को बारिश में कुछ कमी आई, जिससे राहत कार्यों में तेजी आई है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में मौसम की मार, 24 घंटे बाद बहाल हुईं फोन और इंटरनेट सेवाएं

'वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुआ हादसा दुर्भाग्यपूर्ण', कितनी मिलेगी मदद, जानें क्या बोले मनोज सिन्हा

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।