1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्मीर में पिछले 18 सालों में सबसे सर्द नवंबर, श्रीनगर में पारा -4.5 डिग्री तक गिरा

कश्मीर में पिछले 18 सालों में सबसे सर्द नवंबर, श्रीनगर में पारा -4.5 डिग्री तक गिरा

 Published : Nov 28, 2025 01:27 pm IST,  Updated : Nov 28, 2025 01:27 pm IST

कश्मीर में इस साल नवंबर 2007 के बाद सबसे ठंडा रहा, जहां कई इलाकों में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट यानी कि जमाव बिंदु से नीचे गिर गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -4.5°C दर्ज हुआ। पुलवामा का कोनिबल -6°C के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।

Kashmir cold wave, Srinagar temperature, coldest November since 2007- India TV Hindi
कश्मीर में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। Image Source : PTI

श्रीनगर: कश्मीर इन दिनों 2007 के बाद का सबसे ठंडा नवंबर झेल रहा है। घाटी के कई इलाकों में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। अधिकारियों ने बताया कि सर्दी की वजह से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। श्रीनगर में बीती रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान -4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछली रात के -4.4 डिग्री से भी कम है। पिछले कुछ दिनों से रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। अधिकारियों का कहना है कि श्रीनगर में यह तापमान सामान्य से 4 डिग्री से ज्यादा नीचे है।

'पुलवामा जिले में कोनिबल सबसे ठंडी जगह'

घाटी के कई मौसम केंद्रों ने 2007 के बाद नवंबर में सबसे कम तापमान दर्ज किया है। श्रीनगर में 28 नवंबर 2007 को न्यूनतम तापमान -4.8 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, शहर में नवंबर का अब तक का सबसे कम तापमान -7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1934 में दर्ज हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में कोनिबल सबसे ठंडी जगह रही। यहां रात का तापमान -6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। घाटी का प्रवेश द्वार कहलाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान -4.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

तापमान में आ सकती है और भी ज्यादा गिरावट

उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान -4.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में यह -1.8 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम पर्यटन स्थल में -5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में -1.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। बता दें कि मौसम विभाग ने कश्मीर में 10 दिसंबर तक ज्यादातर सूखा मौसम रहने की भविष्यवाणी की है। विभाग का कहना है कि इस दौरान रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है, यानी कि और भी ज्यादा कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। लोगों को सर्दी से बचाव के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। (PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।