1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. नाबालिग की मौत पर बवाल! सरकारी टीचर ने महीनों तक किया था उसका यौन शोषण, गर्भपात की कोशिश के बाद गई जान

नाबालिग की मौत पर बवाल! सरकारी टीचर ने महीनों तक किया था उसका यौन शोषण, गर्भपात की कोशिश के बाद गई जान

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Aug 27, 2026 06:19 pm IST,  Updated : Aug 27, 2026 06:19 pm IST

किश्तवाड़ में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और उसकी मौत का मामला सामने आने के बाद बंद बुलाया गया। इस केस में स्कूल का सरकारी टीचर आरोपी है। यहां कथित रूप से गर्भपात की कोशिश के बाद नाबालिग की मौत हो गई।

Kishtwar minor girl abuse case- India TV Hindi
किश्तवाड़ में सरकारी टीचर पर नाबालिग का महीनों तक यौन शोषण करने का आरोप। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में 15 साल की आदिवासी लड़की के साथ कथित रेप और फिर गर्भपात की कोशिश के बाद उसकी मौत के मामले को लेकर तनाव पैदा हो गया। इस मामले को लेकर सनातन धर्म सभा और मजलिस-ए-शूरा ने संयुक्त रूप से आज (गुरुवार को) बंद का आह्वान किया।

बंद के आह्वान के चलते तैनात करना पड़ा सुरक्षाबल

अधिकारियों ने कहा कि बंद की वजह से किश्तवाड़ जिले में कई दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। इससे पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन भी प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि शांति बनाए रखने और हालात सामान्य रखने के लिए खासतौर पर किश्तवाड़ और चतरू कस्बों में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात करना पड़ा।

सरकारी टीचर ने कई महीने तक किया नाबालिग का शोषण

नाबालिग लड़की की मौत को लेकर लोगों में बढ़ते गुस्से के बीच प्रदर्शनकारियों ने इंसाफ, बच्चों की सिक्योरिटी के लिए कड़े कदम उठाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अफसरों के मुताबिक, नाबालिग लड़की के स्कूल में पढ़ाने वाले एक टीचर ने कई महीनों तक उसका कथित रूप से बार-बार यौन शोषण किया, जिसकी वजह से वह गर्भवती हो गई थी।

गर्भपात कराने के प्रयास के बाद नाबालिग की मौत

उन्होंने बताया कि बाद में चतरू में कथित रूप से गर्भपात कराने की कोशिश के बाद नाबालिग की मौत हो गई। इस मामले में किश्तवाड़ पुलिस ने बीते 20 अगस्त को सरकारी टीचर खालिद अहमद शेख और उसके भाई को अरेस्ट कर लिया था। खालिद शेख, इंदरवाल के बुमलपोरा के मिडिल स्कूल में ग्रेड-2 टीचर और प्रभारी प्रधानाध्यापक था।

BNS की धाराओं और POCSO कानून के तहत केस दर्ज

पुलिस ने अब तक इस केस में कुल 5 लोगों को पकड़ा है। मामले में रेप और गर्भपात की वजह से मौत सहित अन्य अपराधों से संबंधित BNS की धाराओं के अलावा POCSO के तहत FIR दर्ज की गई है। इस केस की गहन, वैज्ञानिक और समयबद्ध जांच के लिए किश्तवाड़ के ASP प्रदीप सिंह के नेतृत्व में SIT गठित की गई है। इससे पहले बडगाम में 12 साल की लड़की से रेप और मर्डर के आरोप के मामले में 36 घंटे में गिरफ्तारी की गई थी और पुलिस ने कहा था कि सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- दोस्त आपस में बात करती रहीं और वह बालकनी से कूद गई, 9वीं की लड़की का 53 सेकेंड का वीडियो वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।