श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर में एक जबरदस्त हिमस्खलन की खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हिमस्खलन आज सुबह गांदेरबल के सोनमर्ग में स्थित सरबल क्षेत्र में हुआ है। हालांकि राहत की बात ये है कि हिमस्खलन के खतरनाक होने के बावजूद अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं आई है। यह घटना कैमरे में कैद हो गई जिसमें नजर आ रहा है कि पहाड़ी इलाके में कितनी तेजी से बर्फ फैली है। बता दें कि पहाड़ी इलाकों में अक्सर हिमस्खलन होता रहता है और कई बार काफी खतरनाक हो जाता है।
Related Stories
रास्ते में खड़े ट्रक को चपेट में लिया
कैमरे में नजर आ रहा है कि अचानक से बर्फ का एक तूफान उठता है और एक ट्रक को अपनी चपेट में ले लेता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में ट्रक को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचता है और वहां मौजूद लोग भी इस घटना में सुरक्षित मिलते हैं। बता दें कि 28 फरवरी की सुबह उत्तराखंड के माणा गांव के पास भी एक हिमस्खलन हुआ था जिसमें 54 मजदूर बर्फ के ढेर में दब गए थे। उस घटना में 8 मजदूरों की मौत हो गई थी जबकि 46 मजदूरों को बचा लिया गया था।
देखें वीडियो-
गुलमर्ग में हुई थी विदेशी पर्यटक की मौत
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में पिछले साल फरवरी में एक हिमस्खलन की चपेट में आकर एक रूसी स्कीयर की मौत हो गई थी, जबकि एक स्थानीय गाइड सहित 7 लोगों को बचा लिया गया था। हिमस्खलन ने ‘आर्मी रिज’ के नजदीक अफरवात चोटी के खिलानमार्ग को चपेट में ले लिया था और भीषण बर्फ में कई स्कीयर दब गए थे। पुलिस के मुताबिक, 7 रूसी नागरिकों का समूह एक स्थानीय गाइड के साथ आर्मी रिज के उस क्षेत्र में चला गया, जहां स्की नहीं की जा सकती तथा जो हिमस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील होता है।