1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. LOC पर पाकिस्तान ने फिर से की हिमाकत, फायरिंग में BSF का जवान घायल

LOC पर पाकिस्तान ने फिर से की हिमाकत, फायरिंग में BSF का जवान घायल

 Published : Sep 11, 2024 10:12 am IST,  Updated : Sep 11, 2024 02:15 pm IST

पाकिस्तान ने बुधवार को सुबह-सुबह बिना किसी उकसावे के अखनूर इलाके में सीजफायर का उल्लंघन किया है। भारतीय जवानों की ओर से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है।

पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन। - India TV Hindi
पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन। (सांकेतिक फोटो) Image Source : PTI

पड़ोसी देश पाकिस्तान बीते कुछ समय से एक बार फिर से बॉर्डर और लाइन ऑफ कंट्रोल पर अपनी सीमा को लांघ रहा है। पाकिस्तान लगातार आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ करवा रहा है और LOC पर फायरिंग भी कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान ने बुधवार को तड़के सुबह बिना किसी उकसावे के सीजफायर का उल्लंघन किया है। पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में सीमा सुरक्षा बल यानी BSF का एक जवान भी घायल हो गया है।

BSF ने दिया मुंहतोड़ जवाब

बीएसएफ जम्मू के पीआरओ ने जानकारी दी है कि 11 सितंबर को सुबह करीब 02:35 बजे अखनूर इलाके में सीमा पार पाकिस्तान से अकारण गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। बीएसएफ ने गोलीबारी का माकूल जवाब दिया है। पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया है। जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

नियंत्रण रेखा पर कड़ी निगरानी

अधिकारियों ने बताया है कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार देर रात संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू सीमा पर स्थित भारतीय चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी की जिसमें सीमा सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। जवान अंतरराष्ट्रीय सीमा तथा नियंत्रण रेखा पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। सीजफायर उल्लंघन की कल की यह घटना 18 सितंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले हुई है। केन्द्र शासित प्रदेश में मतदान तीन चरण में होगा।

भारत और पाकिस्तान में हुआ था समझौता

भारत और पाकिस्तान ने 25 फरवरी 2021 को संघर्ष विराम समझौते को नवीनीकृत किया था और उसके बाद से दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं यदा-कदा ही हुईं हैं। पिछले वर्ष रामगढ़ सेक्टर में पाकिस्तान रेंजर्स की गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-  श्रीगुफवारा विधानसभा सीट: राजनीति में पहला कदम रखने जा रही हैं महबूबा मुफ़्ती की बेटी, जानिए किससे है इनका मुकाबला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।