1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. बर्फबारी देखने कश्मीर जा रहे हैं! मौसम विभाग ने पर्यटकों के लिए जारी किया अलर्ट, इन इलाकों में जीरो से नीचे पहुंचा तापमान

बर्फबारी देखने कश्मीर जा रहे हैं! मौसम विभाग ने पर्यटकों के लिए जारी किया अलर्ट, इन इलाकों में जीरो से नीचे पहुंचा तापमान

 Edited By: Amar Deep
 Published : Dec 23, 2024 05:03 pm IST,  Updated : Dec 23, 2024 05:03 pm IST

जम्मू-कश्मीर में आने वाले पर्यटकों के लिए मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने पर्यटकों के लिए जारी किया अलर्ट।- India TV Hindi
मौसम विभाग ने पर्यटकों के लिए जारी किया अलर्ट। Image Source : PTI/FILE

श्रीनगर: ठंड का मौसम शुरू हो गया है और इस बीच क्रिसमस और नए साल का जश्न भी शुरू हो गया है। ऐसे में लोग छुट्टियां मनाने और बर्फबारी का आनंद लेने कश्मीर का रुख करते हैं। हालांकि पर्यटकों की सुविधा के लिए मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। पर्यटकों को कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में सड़कों पर बर्फ की स्थिति और शून्य से नीचे तापमान का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यातायात पुलिस ने परामर्श जारी किया है और उसका पालन करने की सलाह भी दी है।

शून्य से नीचे पहुंचा तापमान

बता दें कि घाटी में सोमवार को तीव्र शीतलहर की स्थिति बनी रही। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे रहा। शून्य से नीचे के तापमान के कारण जलापूर्ति लाइन में पानी जम गया, जबकि कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात से लगभग चार डिग्री अधिक है। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात से लगभग अपरिवर्तित रहा। 

अभी और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए मशहूर पर्यटक स्थल गुलमर्ग में रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, जहां पारा शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का कोनीबल शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है। इसमें कहा गया है, "ऊंचाई वाले महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सड़कों पर शून्य से नीचे तापमान और बर्फ की स्थिति को देखते हुए पर्यटकों/यात्रियों को प्रशासन द्वारा जारी परामर्श का पालन करने की सलाह दी जाती है।" (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

परभणी हिंसा के बाद युवक की हिरासत में मौत, राहुल गांधी ने परिजनों से की मुलाकात; सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

रास्ता भटक गई वंदे भारत ट्रेन! जाना था गोवा निकल गई कल्याण, वापस लाने में 90 मिनट हुई लेट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।