1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की सर्दी से मामूली राहत, जानें अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की सर्दी से मामूली राहत, जानें अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Dec 15, 2023 03:00 pm IST,  Updated : Dec 15, 2023 03:04 pm IST

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की सर्दी से मामूली राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। घाटी में पिछले कई दिन से भीषण ठंड पड़ रही है।

कश्मीर में शीत लहर की स्थिति में मामूली सुधार- India TV Hindi
कश्मीर में शीत लहर की स्थिति में मामूली सुधार Image Source : PTI

श्रीनगर: कश्मीर में शीत लहर की स्थिति में मामूली सुधार के साथ ही न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घाटी में बीती रात पारा जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे रहा, लेकिन पिछली रात की तुलना में न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बृहस्पतिवार की रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

शून्य से नीचे है न्यूनतम तापमान

बुधवार को यहां का तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था, जो इस मौसम की सबसे सर्द रात थी। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे तथा बारामूला जिले के प्रसिद्ध रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री नीचे रहा जबकि कोकेरनाग शहर में यह शून्य से 1.9 डिग्री नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

बर्फबारी का अलर्ट

 मौसम विभाग ने शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने और शनिवार को बादल छाए रहने व ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है। कश्मीर में कई स्थानों पर कोहरा छाए रहने का भी अनुमान है।

घाटी में पड़ रही कड़ाके की ठंड

बता दें कि कश्मीर घाटी में पिछले कई दिनों से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। भीषण ठंड का अंदाजा इसी लगा सकते हैं कि जल आपूर्ति करने वाली पाइप में ही पानी जम जा रहा है। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।