1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में असिस्टेंट पुलिसकर्मियों का उग्र हुआ आंदोलन, सरकार ने प्रदर्शनकारियों को दिया ये भरोसा

झारखंड में असिस्टेंट पुलिसकर्मियों का उग्र हुआ आंदोलन, सरकार ने प्रदर्शनकारियों को दिया ये भरोसा

 Published : Jul 19, 2024 06:31 pm IST,  Updated : Jul 19, 2024 06:43 pm IST

झारखंड सरकार ने शुक्रवार को प्रदर्शनकारी संविदा पुलिस सहायकों की सेवा एक वर्ष बढ़ाने का वादा करते हुए उनसे अपना आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया है। ये सहायक पुलिस विभाग में सीधी भर्ती के साथ मानदेय में वृद्धि की मांग कर रहे हैं।

झारखंड में असिस्टेंट पुलिसकर्मियों का उग्र हुआ आंदोलन- India TV Hindi
झारखंड में असिस्टेंट पुलिसकर्मियों का उग्र हुआ आंदोलन Image Source : PTI

रांची। सेवा स्थायी करने की मांग पर झारखंड के सहायक पुलिसकर्मियों के आंदोलन ने शुक्रवार दोपहर उग्र रूप ले लिया। राज्य सरकार के साथ वार्ता विफल होने के बाद मोरहाबादी मैदान में पिछले दो हफ्ते से जमा हजारों सहायक पुलिसकर्मी कई बैरिकेडिंग तोड़कर कांके रोड स्थित सीएम आवास की तरफ बढ़ गए।

 रोकने की कोशिश कर रहे सुरक्षाबलों पर पथराव 

आंदोलित सहायक पुलिसकर्मियों ने पुलिस की तीन-चार गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। रोकने की कोशिश कर रहे सुरक्षाबलों पर पथराव भी हुआ है। कई लोगों के घायल होने की सूचना है। हजारों सहायक पुलिसकर्मियों ने वेतन बढ़ाने और सेवा स्थायी करने की मांग को लेकर पिछले दो हफ्ते से रांची के मोरहाबादी मैदान में डेरा डाल रखा था। इनमें महिलाओं की भी खासी तादाद है। तीन दिन पहले उन्होंने राजभवन का घेराव करने की कोशिश की थी, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया था। शुक्रवार को उन्होंने सीएम हाउस का घेराव करने का ऐलान कर रखा था।

वेतन में 20 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव

सहायक पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन को देखते हुए राज्य सरकार के आला अफसरों ने उनके प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया। वार्ता के दौरान सरकार की ओर से वेतन में 20 प्रतिशत वृद्धि और उनकी सेवा को एक साल के एक्सटेंशन का प्रस्ताव रखा गया। वार्ता के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय में एडीजी मुख्यालय आरके मलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सहायक पुलिसकर्मियों का अनुबंध एक साल बढ़ाने और पुलिस बहाली में आरक्षण देने पर सहमति बन गयी है। सहायक पुलिसकर्मियों को आश्वासन दिया गया है कि नौ अगस्त से समाप्त हो रहा उनका अनुबंध एक साल के लिए और बढ़ाया जाएगा। उनके वेतन भत्ते में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा रही है। इसके अलावा झारखंड पुलिस में होने वाली बहाली में उन्हें आरक्षण दिया जाएगा। 

झारखंड में असिस्टेंट पुलिसकर्मियों का उग्र हुआ आंदोलन
Image Source : PTIझारखंड में असिस्टेंट पुलिसकर्मियों का उग्र हुआ आंदोलन

आंदोलनकारियों ने लगाया ये आरोप

दूसरी तरफ आंदोलन की अगुवाई कर रहे विवेकानंद ने वार्ता से लौटकर अपने साथियों से कहा कि हमारी मांगों को नहीं माना जा रहा है। इसके बाद मोरहाबादी मैदान में जमा सहायक पुलिसकर्मी नारेबाजी करते हुए सीएम हाउस की तरफ बढ़ने लगे। सुरक्षा बलों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे उग्र हो उठे। उन्होंने तीन-चार बैरिकेडिंग तोड़ दी है।

पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया गया। वज्र वाहन पर भी आंदोलित सहायक पुलिसकर्मियों ने कब्जा कर लिया और उसके टायर की हवा निकाल दी। सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज किया तो उन्होंने उनके डंडे छीनकर उन्हीं की पिटाई कर दी। आंदोलनकारियों का एक बड़ा जत्था सीएम आवास के पास पहुंच गया है। 

प्रदर्शनकारियों को दिया ये भरोसा

 पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त महानिदेशक राज कुमार मलिक ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि उन्हें पुलिस विभाग की विभिन्न नियुक्तियों में छूट मिलेगी। विशेष रूप से उन्हें आबकारी, होमगार्ड, जेल सिपाही और अग्निशमन सेवाओं में कांस्टेबल पदों के लिए आवेदन करते समय आयु में छूट और अन्य रियायतें दी जाएंगी।

इनपुट- PTI, IANS

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।