1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर चिराग पासवान ने कर दिया बड़ा ऐलान, कही ये बात

झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर चिराग पासवान ने कर दिया बड़ा ऐलान, कही ये बात

 Published : Sep 29, 2024 02:18 pm IST,  Updated : Sep 29, 2024 02:18 pm IST

झारखंड में विधानसभा चुनावों को लेकर चिराग पासवान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी इस बात पर विचार कर रही है कि वह अकेली चुनाव लड़ेगी या गठबंधन में लड़ेगी।

Chirag Paswan- India TV Hindi
चिराग पासवान Image Source : FILE

रांची: झारखंड में विधानसभा चुनावों को लड़ने को लेकर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेगी। हालांकि अभी उन्होंने ये साफ नहीं किया कि पार्टी अकेली ये चुनाव लड़ेगी या गठबंधन में लड़ेगी। 

क्या है पूरा मामला?

चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ेगी या अकेले लड़ेगी, इस पर सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। पासवान के इस बयान को इसलिए भी बड़ा माना जा रहा है क्योंकि एक दिन पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को घोषणा की थी कि बीजेपी झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव राजग के घटक दलों ‘ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन’ (आजसू) और जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के साथ मिलकर लड़ेगी। 

बता दें कि लोजपा (रामविलास) केंद्र में भाजपा नीत राजग सरकार का हिस्सा है। चिराग पासवान ने रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर कहा कि लोजपा की प्रदेश इकाई गठबंधन या अकेले चुनाव लड़ने सहित सभी विकल्पों पर विचार-विमर्श कर रही है।

मजबूत जनाधार की बात

पासवान ने कहा कि झारखंड में लोजपा (रामविलास) का मजबूत जनाधार है। जब मेरा जन्म हुआ, तब झारखंड एकीकृत बिहार का हिस्सा था। यह मेरे पिता की कर्मभूमि रहा है। पार्टी ने राज्य में मजबूत जनाधार बनाया है। ऐसे में यह निर्णय लिया गया है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

वहीं असम के मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा था, 'भाजपा, आजसू और जदयू के साथ मिलकर झारखंड चुनाव लड़ेगी। सहयोगियों के साथ 99 प्रतिशत सीट पर सहमति बन गई है। बाकी की एक या दो सीट के लिए बातचीत जारी है और इन पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा।'

शर्मा ने कहा कि इस संबंध में औपचारिक घोषणा ‘पितृ पक्ष’ के बाद की जाएगी जो दो अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव इस साल के अंत में प्रस्तावित है। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।