1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. गढ़वा: दुकान के बाहर रखे पटाखों में लगी आग, 3 बच्चे और मालिक डरकर अंदर भागे, दम घुटने से 5 की मौत

गढ़वा: दुकान के बाहर रखे पटाखों में लगी आग, 3 बच्चे और मालिक डरकर अंदर भागे, दम घुटने से 5 की मौत

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 10, 2025 03:30 pm IST,  Updated : Mar 10, 2025 04:26 pm IST

पटाखे दुकान के बाहर रखे हुए थे। जब उनमें आग लगी तो तीन बच्चों समेत पांच लोग भागकर दुकान के अंदर चले गए। पटाखों से बचने के लिए अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। ऐसे में दम घुटने से पांचों की मौत हो गई।

cracker shop fire- India TV Hindi
पटाखा दुकान में लगी आग Image Source : INDIA TV

झारखंड के गढ़वा जिले में पटाखे की दुकान में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। घटना रंका थाना क्षेत्र के गोदरमाना बजार की है। यहां एक दुकान में अचानक लगी आग में झुलसने से औरदम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने सभी लोगों को पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के सदर हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां सभी लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में दुकान संचालक 46 वर्षीय कुश कुमार, भंडरिया थाना क्षेत्र के नवका गांव के रहने वाले 32 वर्षीय अजित केशरी, 8 साल के नमन केशरी, गोदरमाना बजार के रहने वाले 7 साल के भोला केशरी और रंका थाना क्षेत्र के बूढाप्रास गांव के रहने वाले 14 वर्षीय शुशीला केरकेटा शामिल हैं। आग अचानक दुकान में रखे पटाखा में लगी, उसके बाद विकराल रूप ले लिया। मृतक आग से बचने के लिए दुकान के अंदर चले गए और दरवाजा बंद कर दिया, जिसके बाद दम घुटने और आग में झुलसने से सभी लोगों की मौत हो गई।

पुलिस का बयान

रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह रंका थाना पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पीड़ितों को छत्तीसगढ़ के सदर हॉस्पिटल ले जाया गया। रामानुजगंज के अस्पताल में सभी पीड़ितों को मृत घोषित कर दिया गया। रंका एसडीपीओ ने बताया की प्रथम दृष्टया मौत पटाखे में आग लगने के कारण हुई है। पुलिस हर पहलु पर जांच कर रही है।

सीएम बोले- जांच जारी है

इस घटना पर दुख जाहिर करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा "गढ़वा जिले के रंका प्रखंड में पटाखा दुकान में आग लगने से 5 लोगों की मृत्यु की दुःखद खबर मिली है। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। जिला प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।"

(गढ़वा से मुकेश सिन्हा और अरुण की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।