1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. बाल सुधार गृह से दो नाबालिग फरार, चादरों की मदद से 30 फीट ऊंची फांदी दीवार, जानिए क्या था दोनों पर आरोप

बाल सुधार गृह से दो नाबालिग फरार, चादरों की मदद से 30 फीट ऊंची फांदी दीवार, जानिए क्या था दोनों पर आरोप

 Published : Sep 19, 2025 03:53 pm IST,  Updated : Sep 19, 2025 04:02 pm IST

पुलिस की टीम ने दोनों फरार नाबालिगों की पहचान कर ली है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही वे दोनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लेंगे। फरार नाबालिग के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : INDIA TV

झारखंड के गुमला जिले में स्थित एक बाल सुधार गृह (रिमांड होम) से दो किशोर फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी चादरों की मदद से लगभग 30 फीट ऊंची दीवार फांद कर फरार हो गए।

इसी हफ्ते बाल सुधार गृह लाया गया

गुमला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हैरिस बिन जमान ने कहा कि दोनों किशोरों को इस सप्ताह की शुरुआत में एक मामूली अपराध के आरोप में गिरफ्तार कर सुधार गृह लाया गया था। वे गुरुवार की मध्यरात्रि के आसपास दीवार फांदकर फरार हो गए। 

आदिवासी के नगाड़ों को चोरी करने का आरोप

एसपी ने कहा, 'हमने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और फरार किशोरों की पहचान कर ली गई है। उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। दोनों को आदिवासी नगाड़ों की चोरी के आरोप में पकड़ा गया था और उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।' 

जेल अधीक्षक का नहीं आया बयान सामने

उन्होंने कहा कि सुरक्षा में चूक की विस्तृत जांच कराई जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। गुमला के जेल अधीक्षक अविनाश कुमार का इस मामले में अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है। 

कांटेदार तार पर डाल दी चादर

बाल सुधार गृह में तैनात एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दीवार की ऊंचाई लगभग 30 फीट है और उसकी चोटी पर कांटेदार तार लगाया गया है। अधिकारी ने कहा, 'इन दोनों किशोरों ने फरारी की पूरी योजना पहले से बनाई थी। उन्होंने चादरें बांधकर उन्हें कांटेदार तार पर लटकाया और उसी के सहारे दीवार फांदकर भाग गए। यहां ड्यूटी पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बारी-बारी के आधार पर होती है और किसी भी समय कुल पांच कर्मी वहां तैनात रहते हैं।' (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।