1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. रेलवे ट्रैक पर मिली युवती की लाश, 4 महीने पहले हुई थी शादी; पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल

रेलवे ट्रैक पर मिली युवती की लाश, 4 महीने पहले हुई थी शादी; पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 16, 2026 05:45 pm IST,  Updated : Apr 16, 2026 05:48 pm IST

युवती की शादी करीब चार महीने पहले चाईबासा निवासी एक युवक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद वह कुछ समय के लिए अपने मायके गई थी और हाल ही में जमशेदपुर आई थी।

19 वर्षीय बेबी सोरेन की मिली लाश- India TV Hindi
19 वर्षीय बेबी सोरेन की मिली लाश Image Source : REPORTER INPUT

झारखंड के जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र स्थित तुरामडीह में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव पड़ा मिला। शव की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान सरायकेला जिले के दूधी गांव निवासी 19 वर्षीय बेबी सोरेन के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका की मां चंपा सोरेन समेत अन्य परिजन जमशेदपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद परिवार ने शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले लिया।

इस घटना के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इसे आत्महत्या, हत्या या दुर्घटना, इन तीन संभावनाओं के तहत जांच कर रही है। सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा ने बताया कि पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि युवती रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चलेगा।

चार महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह

पुलिस के मुताबिक, बेबी सोरेन की शादी करीब चार महीने पहले चाईबासा के एक युवक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद वह कुछ समय के लिए अपने मायके गई थी और हाल ही में जमशेदपुर वापस आई थी। यहां वह करनडीह इलाके में अपनी सहेली निकिता के साथ रह रही थी।

बताया जा रहा है कि बेबी सोरेन रोज सुबह घर से बाहर जाती थी और गुरुवार को भी वह सुबह घर से निकली थी। कुछ समय बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर पाया गया। सूचना मिलने पर उसकी सहेली निकिता मौके पर पहुंची और शव की पहचान की, जिसके बाद परिजनों को सूचित किया गया।

पुलिस ने मोबाइल फोन किया जब्त

पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और अब कॉल डिटेल समेत अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा, पुलिस आस-पास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और मामले को सुलझाने की पूरी कोशिश की जा रही है।

(रिपोर्ट- गंगाधर पांडे)

ये भी पढ़ें-

हरियाणा कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्टी के 5 MLAs को किया निलंबित

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की सुरक्षा बढ़ी, धमकियों के बीच अब मिली 'Z' श्रेणी की सिक्योरिटी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।