1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. Dumka Assembly Election: दुमका में बसंत बचाएंगे JMM का गढ़, या सुनील सोरेन मारेंगे बाजी? जानें समीकरण

Dumka Assembly Election: दुमका में बसंत बचाएंगे JMM का गढ़, या सुनील सोरेन मारेंगे बाजी? जानें समीकरण

 Published : Nov 11, 2024 11:14 am IST,  Updated : Nov 13, 2024 01:24 pm IST

दुमका विधानसभा सीट को झारखंड मुक्ति मोर्चा का गढ़ माना जाता रहा है। साल 1980 से लेकर 2000 तक जेएमएम नेता प्रो. स्टीफन मरांडी इस सीट से विधायक रहे थे।

दुमका विधानसभा चुनाव।- India TV Hindi
दुमका विधानसभा चुनाव। Image Source : INDIA TV

झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीख अब लगभग सामने ही आ चुकी है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने चुनावी प्रचार में जोर शोर से लगे हुए हैं। इस चुनाव में राज्य की दुमका विधानसभा सीट काफी चर्चित हो गई है। इस सीट पर भाजपा और झारखंड मुक्ति मोर्चा आमने सामने हैं। भाजपा ने यहां से सुनील सोरेन को मैदान में उतारा है। तो वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने वर्तमान विधायक वसंत सोरेन को मैदान में उतारा है। आइए जानते हैं इस सीट का पूरा सियासी समीकरण।

दुमका का राजनीतिक समीकरण

दुमका झारखंड राज्य के 81 विधानसभा सीटों में से एक है। ये एसटी रिजर्व सीट है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता बसंत सोरेन वर्तमान में दुमका विधानसभा सीट से विधायक हैं। साल 2011 की जनगणना के अनुसार, दुमका में एससी मतदाताओं की संख्या लगभग 16 हजार, एसटी मतदाताओं की संख्या लगभग 1 लाख से अधिक, मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 29 हजार है। दुमका विधानसभा क्षेत्र में ज्यादातर मतदाता ग्रामीण क्षेत्र के हैं। 2019 विधानसभा चुनाव के दौरान दुमका में क्षेत्र में 165,820 मतदाता थे। इनमें से 83,310 पुरुष और 81,723 महिला मतदाता थे। कोई भी मतदाता तृतीय लिंग का नहीं था।

JMM का गढ़ है दुमका

दुमका विधानसभा सीट को झारखंड मुक्ति मोर्चा का गढ़ माना जाता रहा है। साल 1980 से लेकर 2000 तक जेएमएम नेता प्रो. स्टीफन मरांडी इस सीट से विधायक रहे थे। साल 2005 में प्रो. स्टीफन मरांडी ने निर्दलीय इस सीट पर जीत हासिल की। साल 2009 में जेएमएम के हेमंत सोरेन, 2014 में भाजपा के लोइस मरांडी और फिर 2019 में हेमंत सोरेन ने इस सीट पर जीत हासिल की। साल 2020 में हेमंत सोरेन ने ये सीट खाली की जिसके बाद हुए उपचुवान में जेएमएम के ही बसंत सोरेन ने इस सीट पर जीत हासिल की।

शिबू सोरेन को हरा चुके हैं सुनील सोरेन

दुमका सीट पर लंबे समय से भाजपा की डॉ. लुईस मरांडी चुनाव लड़ती आ रही थीं। हालांकि, इस बार टिकट न मिलने से नाराज होकर वह JMM में शामिल हो गई हैं। दुमका से भाजपा के प्रत्याशी पूर्व सांसद सुनील सोरेन 2019 में JMM के अध्यक्ष शिबू सोरेन को चुनाव हराकर सांसद बने थे। ऐसे में दुमका में सुनील सोरेन, JMM के बसंत सोरेन को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

कब होंगे चुनाव?

चुनाव आयोग ने झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखें घोषित कर दी हैं। झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटों के लिए 2 चरणों में चुनाव होंगे। राज्य में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को रिजल्ट घोषित किया जाएगा। दुमका विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 20 नवंबर 2024 को वोटिंग होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।