1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. MLA ने फोन करके बताया, 'मेरा बेटा किडनैप हो गया', जांच में सामने आई अलग ही कहानी

MLA ने फोन करके बताया, 'मेरा बेटा किडनैप हो गया', जांच में सामने आई अलग ही कहानी

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Sep 08, 2026 07:04 am IST,  Updated : Sep 08, 2026 07:04 am IST

झारखंड के चतरा से विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरव के कथित अपहरण की सूचना से रांची पुलिस में हड़कंप मच गया। जांच में मामला अपहरण के बजाय छात्रों के 2 गुटों के बीच शराब के नशे में हुए विवाद और मारपीट का निकला।

Janardan Paswan Son Kidnapping, Saurav Paswan- India TV Hindi
रांची के सिटी एसपी पारस राणा। Image Source : ANI

Highlights

  • MLA के बेटे के अपहरण की सूचना पर पुलिस पहुंची, जांच में मारपीट का मामला सामने आया।
  • शराब के नशे में दो छात्र गुटों के बीच विवाद के बाद सौरव से मारपीट हुई।
  • पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया, दोनों पक्षों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया।

रांची: झारखंड के चतरा से लोक जनशक्ति पार्टी के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरव के कथित अपहरण की सूचना के बाद रांची पुलिस सोमवार को हरकत में आ गई। विधायक ने पुलिस को फोन कर बताया था कि उनके बेटे का एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के गेट के पास से किडनैप कर लिया गया है। हालांकि, शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि यह मामला अपहरण का नहीं, बल्कि 2 छात्र गुटों के बीच हुई मारपीट का है।

फोन कॉल के बाद शुरू हुई थी जांच

रांची के एसपी पारस राणा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला शराब के नशे में छात्रों के बीच हुए विवाद और उसके बाद हुई मारपीट का सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, घटना यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर हुई। एसपी पारस राणा ने बताया कि विधायक जनार्दन पासवान ने पुलिस को फोन कर अपने बेटे सौरव के अपहरण की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि यूनिवर्सिटी के बाहर 2 छात्र गुटों के बीच विवाद हुआ था।

'सौरव दोस्तों के साथ शराब पी रहा था'

पुलिस के मुताबिक, सौरव अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान उसके एक दोस्त ने उसी यूनिवर्सिटी के एक अन्य छात्र को फोन किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। शराब के नशे में छात्रों के बीच गाली-गलौज भी हुई।  इसके बाद दूसरे पक्ष के कुछ और लोग वहां पहुंच गए। दोनों तरफ से फिर बहस हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

मारपीट के दौरान कार में घुमाया गया सौरव

एसपी के मुताबिक, मारपीट के दौरान सौरव को एक गाड़ी में आसपास के इलाके में ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे विधानसभा के पास छोड़ दिया गया। पुलिस ने दूसरे पक्ष के लोगों की पहचान कर ली है। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि कुछ लोग मौके से भाग गए जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दोनों पक्षों का होगा ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय दोनों पक्षों के लोग शराब के नशे में थे या नहीं। इसके लिए दोनों पक्षों के लोगों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया जा रहा है और उनके शरीर में शराब की मात्रा की जांच की जा रही है। एसपी पारस राणा ने कहा कि जांच अभी जारी है और मामले की पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने कहा कि अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर यह मामला मुख्य रूप से मारपीट का लगता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मारपीट के बाद बने हालात में आखिर क्या-क्या हुआ। (ANI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: झारखंड में दुखद संयोग, हेमंत सोरेन सरकार में 2023 से शिक्षा मंत्री रहते हुए 3 नेताओं की हो गई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।