Thursday, February 26, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने गए रवींद्रनाथ महतो, हेमंत सोरेन और बाबूलाल मरांडी ने दी बधाई

निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने गए रवींद्रनाथ महतो, हेमंत सोरेन और बाबूलाल मरांडी ने दी बधाई

Edited By: Amar Deep Published : Dec 10, 2024 09:22 pm IST, Updated : Dec 10, 2024 09:22 pm IST

झारखंड विधानसभा का चुनाव होने के बाद अब सरकार का गठन भी हो गया है। मंगलवार को रवींद्रनाथ महतो को झारखंड विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया।

विधानसभा अध्यक्ष चुने गए रवींद्रनाथ महतो।- India TV Hindi
Image Source : HEMANTSORENJMM(X) विधानसभा अध्यक्ष चुने गए रवींद्रनाथ महतो।

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के रवींद्रनाथ महतो को निर्विरोध रूप से झारखंड विधानसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया है। विधानसभा के चार दिवसीय सत्र के दूसरे दिन सीएम हेमंत सोरेन ने इस पद के लिए रवींद्रनाथ महतो के नाम का प्रस्ताव रखा था। वहीं झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने प्रस्ताव का समर्थन किया। बता दें कि रवींद्रनाथ महतो पहले भी पांचवी झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने गए, क्योंकि विपक्षी दलों ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया था। अब लगातार दूसरी बार विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने पर सीएम हेमंत सोरेन ने सत्तारूढ़ गढबंधन की ओर से रवींद्रनाथ महतो को बधाई दी। 

सीएम सोरेन ने दी बधाई

सीएम हेमंत सोरेन ने रवींद्रनाथ महतो को दिए बधाई संदेश में कहा, ‘‘आपके नेतृत्व में हमने पांचवीं झारखंड विधानसभा का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया। सदन की गरिमा को मजबूत करने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें आशा और पूर्ण विश्वास है कि पिछले सत्रों की तरह हम राज्य के समग्र विकास के लिए लोकतंत्र के इस मंदिर में एकत्रित होंगे।’’ इसके अलावा हेमंत सोरेन ने विपक्षी दलों के सदस्यों से जनादेश का सम्मान करने और राज्य के विकास में रचनात्मक भूमिका निभाने का भी आग्रह किया।

बाबूलाल मरांडी ने भी दी बधाई

दरअसल, हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में रवींद्रनाथ महतो ने भाजपा के माधवचंद्र महतो को हराया था। झारखंड की नाला सीट पर 10,483 मतों के अंतर से जीतकर रवींद्रनाथ महतो ने अपना विजय रथ जारी रखा। वहीं रवींद्रनाथ महतो ने सोमवार को अन्य विधायकों के साथ झारखंड विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली थी। इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता और धनवार से विधायक बाबूलाल मरांडी ने भी रवींद्रनाथ महतो को विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि वे विपक्ष की बात सुनें क्योंकि वे सदन में वास्तविक मुद्दे और जानकारी लेकर आते हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा, ‘‘विपक्षी सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। विधायक अक्सर सदन में ज्वलंत मुद्दे उठाते हैं, लेकिन बाद में उन्हें ज्यादा महत्व नहीं मिलता।’’ 

रवींद्रनाथ महतो ने विधायकों से की अपील

नवनिर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष ने हाल में हुए चुनावों में भाग लेने वाले मतदाताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि लोगों की अपेक्षाएं और आकांक्षाएं बढ़ी हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं सदस्यों से चुनावी प्रतिस्पर्धा से पैदा हुई कड़वाहट को भूलने का आग्रह करता हूं। सभी विधायकों को एक नए झारखंड के निर्माण में रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए और राज्य को आगे ले जाना चाहिए।’’ महतो ने कहा कि छठी विधानसभा में ‘‘रचनात्मक और नये विचारों के साथ एक नया दृष्टिकोण और संकल्प’’ होना चाहिए। बाद में उन्होंने बुधवार सुबह 11 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

पुलिस में नौकरी लगने का जश्न मनाकर लौट रहे थे दोस्त, एक्सीडेंट में 4 की मौत; 2 घायल

कॉमेडियन सुनील पाल के बाद 'गदर 2' के एक्टर का हुआ अपहरण, यूपी में दर्ज हुई शिकायत

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement