रांची: झारखंड के 48 शहरी स्थानीय निकायों में हुए चुनावों के नतीजे लगातार आते जा रहे हैं। बता दें कि मतगणना शुक्रवार सुबह से शुरू हुई और अब तक कई जगहों पर परिणाम सामने आ चुके हैं। सबसे बड़ी खबर हजारीबाग से आई है, जहां एक हिंदी अखबार के पत्रकार अरविंद कुमार राणा ने मेयर पद पर जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस समर्थित प्रतिद्वंद्वी सरफराज अहमद को करारी मात दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरविंद कुमार राणा ने सरफराज को 4 हजार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से शिकस्त दी। अरविंद राणा को करीब 23,500 वोट मिले, जबकि सरफराज को 18,800 से ज्यादा वोट मिले।
राज्य चुनाव आयोग के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने बताया कि झारखंड में 48 शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों के लिए वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह से जारी है। उन्होंने कहा, 'मतगणना के प्रारंभिक चरण में मतपत्रों को अलग-अलग रखा गया था। पार्षदों और महापौरों या अध्यक्षों के चुनाव के लिए क्रमशः सफेद और गुलाबी रंग के मतपत्रों का उपयोग करके मतदान कराया गया था।' प्रसाद ने आगे कहा कि मतगणना पूरी होते ही परिणाम घोषित किए जा रहे हैं। बता दें कि इस चुनाव में राजनीतिक दलों के चुनाव चिन्हों पर वोट नहीं पड़े, लेकिन उम्मीदवारों को विभिन्न दलों का खुला समर्थन मिला था।
झारखंड में शहरी निकाय चुनाव 23 फरवरी को हुए थे, जिसमें कुल 43 लाख मतदाताओं में से 63 प्रतिशत से अधिक ने मतदान किया। राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। सूबे में कुल 1,087 वार्डों में से 1,042 वार्डों में चुनाव हुए, क्योंकि 41 पार्षद निर्विरोध चुने गए थे। नामांकन न मिलने से तीन वॉर्ड रिक्त रहे, जबकि मानगो नगर निगम के एक वार्ड में एक उम्मीदवार की मौत के बाद मतदान रद्द कर दिया गया। झारखंड में महापौर और अध्यक्ष पदों के लिए 235 महिलाओं सहित कुल 562 उम्मीदवार मैदान में थे। वहीं, वार्ड पार्षदों के पदों के लिए 2,727 महिलाओं सहित कुल 5,562 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।
संपादक की पसंद