रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार को सोशल मीडिया पर पाकिस्तान समर्थक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में 20 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि साहिल अली नामक व्यक्ति को जवाहर नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया। भारत विरोधी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद साहिल अली को पकड़ा गया।
सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी आपत्तिजनक सामग्री
भुरकुंडा चौकी के प्रभारी निर्भय कुमार गुप्ता ने बताया कि आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में साहिल अली को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 127 के तहत गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनुराग कुमार तिवारी ने बताया कि साहिल अली को इस आश्वासन पर जमानत पर रिहा किया गया कि वह भविष्य में ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होगा। एसडीओ ने बताया कि उसे 13 मई को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
रांची में नाबालिग से गैंगरेप के आरोपी गिरफ्तार
उधर, झारखंड के रांची जिले में एक लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया और इस सिलसिले में तीन नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक बयान के अनुसार, यह घटना सात मई को रात करीब 11 बजे रांची शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर चान्हो पुलिस थानाक्षेत्र में हुई। पुलिस के बयान में कहा गया है कि लड़की ने शिकायत दर्ज करायी है कि उसका नाबालिग प्रेमी अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर उसे मोटरसाइकिल से एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उन्होंने उसके साथ बलात्कार किया। इसमें कहा गया है कि शिकायत के आधार पर आठ मई को थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
(पीटीआई इनपुट के साथ)